
राहुल गांधी के बयान पर मंत्री विश्वास सारंग का पलटवार (फोटो सोर्स: Vishvas Sarang Facebook)
Bhopal News : BRICS समिट 2026 में परोसे गए खाने को लेकर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा की गई टिप्पणी के बाद शुरु हुआ विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। देशभर में पक्ष-विपक्ष के नेताओं द्वारा इसपर की जा रही टिप्पणी के बीच अब मध्य प्रदेश के मंत्री विश्वास सारंग का भी पलटवार सामने आया है। मंत्री सारंग ने न्यूज एजेंसी एएनआई को दिए साक्षात्कार में कहा कि, 'मुझे हैरानी होती है कि राहुल गांधी में परिपक्वता कब आएगी?'
मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ब्रिक्स समिट बहुत सफल रही है। दुनिया योग और शाकाहार को अपना रही है। कमाल की बात है कि, राहुल गांधी ने समिट की सफलता पर कुछ नहीं कहा। हैरानी इस बात की भी है कि, राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के कारण वे इस स्तर तक गिर सकते हैं। मुझे आश्चर्य है कि, उनके सलाहकार कौन हैं जो उन्हें यह सब सिखा रहे हैं। मुझे हैरानी है कि, किसी दूसरे देश के विदेशी मेहमान ने इस पर कोई आपत्ति नहीं जताई, लेकिन हमारे अपने ही लोग इस पर आपत्ति जता रहे हैं।'
राहुल गांधी के इंदौर दौरे से पहले मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि, राहुल गांधी इंदौर आएं, इसमें कोई दिक्कत नहीं है। हमने उन्हें रोकने की न कोशिश की है और न ही रोकेंगे। हिंदुस्तान का कोई भी आजाद नागरिक देश के किसी भी कोने में जा सकता है। लेकिन, राहुल गांधी से विनम्र अपील है कि वो इंदौर आकर पाकिस्तान परस्ती की बातें न करें। देश को तोड़ने वाली बातें न करें और ऐसे भाषण न दें, जिनसे देश में वर्ग संघर्ष की स्थिति पैदा हो। राहुल गांधी जब विदेश की धरती पर जाते हैं तो पाकिस्तान परस्ती की बातें करते हैं और आतंकवाद को संरक्षण देने वाली बातें करते हैं। उन्हें ऐसा कोई वक्तव्य नहीं देना चाहिए, जिससे देश का माहौल खराब हो।
दरअसल, दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स सम्मेलन में आए ब्रिक्स नेताओं और प्रतिनिधियों के लिए शनिवार रात के लिए सिर्फ शाकाहारी (वेज) भोजन परोसा गया। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने इस मेन्यू को लेकर सरकार पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि, 80 फीसदी भारतीय नॉनवेज खाते हैं। राहुल गांधी ने रविवार को अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर एक पोस्ट किया। उन्होंने लिखा- 'रिकॉर्ड के लिए, 80% भारतीय नॉनवेज खाते हैं।' उन्होंने आगे कहा कि, 'भारतीय नॉनवेज खाना स्वादिष्ट होता है।' साथ ही, उन्होंने अपनी बहन के छोले भटूरे की भी तारीफ की। राहुल गांधी ने छोले भटूरे की एक तस्वीर भी शेयर की।
Updated on:
14 Sept 2026 03:22 pm
Published on:
14 Sept 2026 03:22 pm
