Ajay Vishnoi tweet कई बार अपनी ही पार्टी और सरकार को घेर चुके हैं पूर्व मंत्री अजय विश्नोई, इस बार भी सरकार को घेरा...।
भोपाल। पूर्व मंत्री एवं भाजपा विधायक अजय विश्नोई शनिवार को एक बार फिर चर्चाओं में है। वे अक्सर अपनी ही पार्टी को घेरकर सुर्खियों में बने रहते हैं। इस बार फिर विश्नोई ने सीएम शिवराज सिंह चौहान पर तंज कसा है।
पाटन से भाजपा के विधायक एवं पूर्व स्वास्थ्य मंत्री अजय विश्नोई ने मुख्यमंत्री चौहान के एक निर्णय के बाद ट्वीट किया है। दरअसल, कल मुख्यमंत्री ने राजधानी की सड़कों को लेकर नाराजगी जताई थी और उन्होंने अविलंब सड़कों की मरम्मत के निर्देश दिए थे।
क्या बोले अजय विश्नोई
अजय विश्नोई ने ट्वीट के जरिए कहा है कि 'धन्यभाग भोपाल की सड़कों का मुख्यमंत्री जी की नजरें इनायत हो गई। उम्मीद है बाकी प्रदेश की सड़कों पर मुख्यमंत्री की नजर जल्द पड़ेगी।'
अपनी ही पार्टी की सांसद को कहा था घटिया
अजय विश्नोई दो माह पहले भी उस समय सुर्खियों में आ गए थे जब उन्होंने पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा सांसद मेनका गांधी को निहायत ही घटिया महिला कह दिया था। उन्होंने बकायदा यह बात ट्वीट में भी लिखी थी। मध्यप्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री रह चुके अजय विश्नोई पाटन से भाजपा के विधायक हैं। दो माह पहले जब पशु चिकित्सक के साथ मेनका गांधी के अपशब्द कहने का आडियो वायरल हुआ था, उसके बाद जबलपुर में चिकित्सकों ने हंगामा भी किया था और मेनका गांधी के खिलाफ एफआइआर दर्ज करने की मांग की थी। इसके बाद अजय विश्नोई ने पशु चिकित्सकों के समर्थन में यह ट्वीट किया था।
उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा था कि सांसद श्रीमती मेनका गांधी ने पशिचिकित्सक डा. विकास शर्मा से जिन शब्दों में बात की, उससे वेटरनरी कालेज जबलपुर घटि सिद्ध नहीं हो जाता है, परन्तु यह जरूर सिद्ध हो जाता है कि मेनका गांधी निहायत ही घटिया महिला है। मैं शर्मिंदा हूं कि ये मेरी पार्टी की सांसद (नेता नहीं) है।