भोपाल

एमपी में पिछले 48 घंटों में शराब पीनेवालों को बढ़ा खतरा, तुरंत करानी होगी स्क्रीनिंग

MP Alcohol Consumers : शराब से अब तक 14 लोगों की मौत, प्रशासन अलर्ट, कई प्रभावित अस्पतालों में भर्ती, सागर के आसपास के जिलों में भी हो सकते हैं प्रभावित
2 min read
Sep 06, 2026
alcohol consumers in mp will have to undergo screening
एमपी में शराब पीनेवालों को करानी होगी स्क्रीनिंग : फोटो सोर्स : patrika

Alcohol Consumers : एमपी के सागर जिले में मिलावटी शराब से अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है। यह आंकड़ा और बढ़ने की आशंका है। बंडा अस्पताल में शवों के पोस्टमॉर्टम की तैयारी की जा रही है। कई प्रभावित अस्पताल में भर्ती हैं जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है। बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल सागर में प्रभावितों का इलाज किया जा रहा है। कलेक्टर प्रतिभा पाल ने अस्पताल पहुंचकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। इस बीच जिन लोगों ने 1-2 दिन पूर्व भी शराब का सेवन किया है, उनके लिए भी खतरा हो सकता है। ऐसे में जरा भी दिक्कत होने पर उन्हें तुरंत स्क्रीनिंग कराने को कहा गया है। इस बीच अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की कवायद शुरु हो गई है। इलाके की 6 दुकानों को सील भी कर दिया गया है। सीएम मोहन यादव ने भी घटना पर दुख व्यक्त किया है।

मिलावटी शराब के सेवन से मौतों की सूचना के बाद सागर कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर और एसपी नौराज और गूगरा खुर्द गांवों में पीड़ित परिवारों से मुलाकात करने पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर उन्हें दिलासा दिया और प्रभावितों के उचित इलाज की व्यवस्था करने की भी बात कही।

आसपास के जिलों में भी अवैध और मिलावटी शराब खुलेआम बिक रही

सागर के साथ ही आसपास के जिलों में भी अवैध और मिलावटी शराब खुलेआम बिक रही है। प्रभावितों की संख्या बढ़ सकती है। ऐसे में प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। बताया जा रहा है कि घूघर, नौराज, बराज और आसपास के गांवों के लोगों ने शराब का सेवन किया था। शनिवार रात से ही उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। इन चारों गांवों में परिजन तुरंत प्रभावितों को अस्पताल लेकर भागे। जानकारी मिलते ही कलेक्टर प्रतिभा पाल भी अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने जरूरी मेडिकल सुविधाएं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पता चला है कि पिछले 2 दिनों में शराब से मौतें हो रहीं हैं।

48 घंटों में शराब पीनेवालों को खतरा, स्क्रीनिंग की अपील

सागर की कलेक्टर प्रतिभा पाल ने अपील की है कि पिछले 24 से 48 घंटे में जिन्होंने किसी भी तरह की शराब पी है उन्हें सतर्क रहना होगा। मिलावटी या जहरीली शराब के लक्षण दिखाई देने पर उन्हें तुरंत स्क्रीनिंग कराना चाहिए। कलेक्टर प्रतिभा पाल ने कहा है कि ऐसे लोग अस्पताल जाने या स्थानीय डॉक्टरों की टीम से भी संपर्क कर सकते हैं।

ये हैं लक्षण

शराब के सेवन के बाद उल्टी, सिरदर्द या बुखार जैसे लक्षण महसूस हो रहे हैं तो तुरंत एहतियात के तौर पर नजदीकी अस्पताल पहुंचकर जांच कराएं।

ग्राम पंचायत कांटी में मुनादी भी कराई

इस बीच ग्राम पंचायत कांटी में शराब कांड को लेकर मुनादी भी कराई गई है। प्रशासन ने अपील की कि पंचायत के जिन व्यक्तियों ने भी शराब का सेवन किया है और उन्हें उल्टी, सिरदर्द, बुखार, घबराहट या धुंधलापन सा महसूस हो रहा है, उन्हें तुरंत जांच करानी चाहिए। ऐसे लोगों को एहतियात के तौर पर बिना देरी किए तुरंत निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर अपनी जांच कराने को कहा जा रहा है।

Updated on:
06 Sept 2026 01:19 pm
Published on:
06 Sept 2026 11:50 am