भोपाल

एक करोड़ बूथ सहयोगियों के सहारे जीत की जुगत

राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव-2019 के लिए नया प्लान तैयार किया

2 min read
Sep 22, 2018
congress

अरुण तिवारी
भोपाल. कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव-2019 के लिए नया प्लान तैयार किया है। इसके तहत कांग्रेस देशभर में एक करोड़ बूथ सहयोगी तैयार करेगी। एआइसीसी ने इसके निर्देश प्रदेश कांग्रेस के सभी अध्यक्षों को जारी कर दिए हैं। मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में इस योजना पर विशेष फोकस करने को कहा गया है, ताकि इसका फायदा विधानसभा चुनाव में भी मिल सके। राहुल के नए प्लान के तहत एक बूथ पर 10 कार्यकर्ता तैनात किए जाएंगे, जिनको बूथ सहयोगी कहा जाएगा। देशभर के 10 लाख बूथ हैं। इस हिसाब से बूथ सहयोगियों की संख्या एक करोड़ होगी। पार्टी अपने एक बूथ सहयोगी को 20-25 घरों का जिम्मा देने जा रही है।

कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता

राहुल ने स्पष्ट कर दिया है कि कार्यकर्ता उनकी प्राथमिकता में शामिल हैं। नेताओं का नंबर कार्यकर्ताओं के बाद आता है। राहुल 2019 के लिए इन्हीं कार्यकर्ताओं की मेहनत से चुनावी वैतरणी पार करना चाहते हैं। राहुल की कैलाश मानसरोवर की यात्रा के दौरान कांग्रेस महासचिव अशोक गेहलोत और कोषाध्यक्ष अहमद पटेल इस संबंध में प्रदेश के नेताओं की बैठक कर चुके हैं। यात्रा से लौटने के बाद राहुल ने इस प्लान को मंजूरी दे दी। भोपाल दौरे के दौरान राहुल ने प्रदेश के कांग्रेस नेताओं से भी इस संबंध में चर्चा की थी। इन बूथ सहयोगियों को शक्ति ऐप से भी जोड़ा जाएगा, ताकि राहुल समय समय पर सीधे इनसे चर्चा भी करेंगे।

चुनाव वाले प्रदेशों में ये होगी स्थिति
इस वर्ष मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में विधानसभा चुनाव हैं। मध्यप्रदेश में 65340 बूथ हैं। इन पर 6.53 लाख बूथ सहयोगी तैयार किए जा रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर कमलनाथ ने सबसे पहले निचले स्तर पर संगठन को खड़ा करने पर फोकस किया है। राजस्थान में 51796 बूथ हैं। यहां के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलेट को 517960 बूथ सहयोगियों की नियुक्ति करने का लक्ष्य दिया गया है। छत्तीसगढ़ में करीब 23632 बूथ हैं। इस हिसाब से यहां के प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल को 236320 सहयोगी तैनात करने के निर्देश दिए हैं।

2019 के लिए देश में एक करोड़ बूथ सहयोगी तैनात किए जा रहे हैं, इस संबंध में सभी प्रदेश अध्यक्षों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
जेडी सीलम, राष्ट्रीय सचिव, कांग्रेस

हमारे कार्यकर्ता भाजपा की तरह मिस्ड कॉल वाले नहीं हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के सम्मान का ध्यान रखेगी। ये कार्यकर्ता ही 2019 में राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनवाएंगे।
ज्योतिरादित्य सिंधिया, अध्यक्ष, चुनाव अभियान समिति, प्रदेश कांग्रेस

Published on:
22 Sept 2018 08:01 am
Also Read
View All