भोपाल

Haj 2024 : भोपाल में आधी रात को गूंज उठा ‘अल्लाह हुम्मा लब्बैक…’ हज पर मक्का-मदीना रवाना हुआ आखिरी काफिला

Haj 2024 : आधी रात को गूंजा- 'अल्लाह हुम्मा लब्बैक...'। देर रात हज हाउस तो तड़के एयरपोर्ट से रवाना हुआ हज यात्रियों का जत्था। पहली फ्लाइट में 177 तो दूसरी में 143 यात्री मक्का-मदीना के लिए रवाना हुए। इस बार भोपाल से सिर्फ दो फ्लाइटें ही सऊदी के लिए उड़ीं।

3 min read

मध्य प्रदेश से हज यात्रा पर मक्का - मदीना ( Makkah - Madinah ) के लिए रवाना होने वालों का सिलसिला जारी है। इसके दूसरे चरण में भोपाल एयरपोर्ट ( Bhopal Airport ) से हाजियों की दूसरी फ्लाइट ( Second Flight ) बुधवार अल सुबह रवाना हो गई। इसके लिए हाजियों को एक दिन पूर्व की तरह देर रात को ही भोपाल हज हाउस से रवाना कर दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, भोपाल से रवाना हुए हज पर जाने वालों के दूसरे जत्थे में 143 यात्री मुकद्दस शहर के लिए रवाना हुए। ये भी जान ले कि इससे एक दिन पहले मंगलवार सुबह भोपाल से 177 हज यात्रियों का जत्था फ्लाइट से सीधे जद्दाह शहर के लिए रवाना हुआ था। आपको बता दें कि इस बार भोपाल से दो ही फ्लाइट्स 21 और 22 मई की सुबह सऊदी के लिए रवाना हुईं।

अपनों की विदाई और छलक पड़े आंसू

हज सफर के करीब 42 दिन अपनों से दूर रहने का मलाल हाजियों और उनके परिजन के दिलों में था। लेकिन साथ ही अकीदत पूरी होने की खुशियां भी मन में हिलोरे ले रही थी। इस मिश्रित हालात ने भोपाल स्थित हज हाउस पर मौजूद लोगों की आंखें दोनों ही दिन नम नजर आईं। दुआएं लेने और देने के सिलसिले के साथ हाजी अपने सफर पर रवाना हो गए।

व्यवस्थाओं का जिम्मा शहरियों पर

मंगलवार और बुधवार यानी दोनों दिन भोपाल एयरपोर्ट से हज पर जाने वाले यात्रियों की हज हाउस पर आमद रविवार से ही शुरू हो गई थी। हज कमेटी को की जाने वाली व्यवस्थाओं में कमी के चलते हाजियों को परेशानियां उठाना पड़ गईं। कमेटी जिम्मेदारों ने संबंधित विभागों से संपर्क कर न तो हज हाउस के पहुंच मार्ग को दुरुस्त करवाया और न ही बिजली पानी के इंतजाम करवा पाए। हाजियों के ठहरने के दौरान खानपान और इनकी एयरपोर्ट रवानगी के लिए बसों की व्यवस्था भी निजी लोगों द्वारा पूरी की गई। जबकि सेंट्रल हज कमेटी द्वारा प्रदेश हज कमेटी को इन इंतजाम के लिए बाकायदा बजट आवंटित किया जाता है।

फ्री मेडिकल केम्प लगाकर की खिदमत

एक तरफ जहां हज हाउस में हाजियों को बहिफाजत हज पर पहुंचाने के लिए शहर के कई लोग अपने अपने स्तर पर व्यवस्थाओं को लेकर खिदमत कर रहे थे। इन्हीं खिदमदगारों में एक मोहम्मदी होम्यो एंड एलोपेथ फ्री मेडिकल केम्प भी शामिल था। ये मेडिकल केम्प हज पर जाने वाले सामईन के साथ साथ उन्हें छोड़ने आने वालों को फ्री में मेडिकल सुविधा उपलब्ध करा रहा था। मेडिकल केम्प के जिम्मेदार डॉ.ताहिर बेग ने बताया कि यहां 24 घंटे तीन शिफ्टों में डॉ. खिदमत के तौर पर हज पर जाने वालों की सेवा करने आते हैं। इनमें डॉ. इनाम उल्लाह और डॉ. नाजिम अली अलग अलग समय के हिसाब से यहां आने वालों का मुफ्त इलाज करते हैं।

अध्यक्ष और सीईओ ने किया विदा

बता दें कि दोनों ही फ्लाइटों को भोपाल से सऊदी के लिए तड़के उड़ान भरनी थी। इसके लिए भोपाल स्थित हज हाउस से देर रात 2 बजे के बाद ही हज यात्रियों को एयरपोर्ट के लिए रवाना करने की व्यवस्था रखी गई थी। राज्य हज कमेटी सीईओ फरजाना गजाल पहुंचीं थीं। जबकि कमेटी अध्यक्ष रफत वारसी ने हाजियों को एयरपोर्ट से विदाई दी। साल में महज एक बार मौजूदगी दिखाने वाले इस पद पर भाजपा ने नियुक्ति इसी नीयत से की है कि हाजियों के बीच उसका प्रतिनिधित्व हो सके। प्रदेश में मुखिया बदलाव के बाद जब सभी निगम मंडल भंग कर दिए गए हैं, ऐसे में हज कमेटी को इसी मंशा के साथ बरकरार रखा गया है कि मुस्लिम समुदाय से भाजपा सरकार का जुड़ाव बना रहे।

बाकी हाजी मुंबई से

प्रदेश के करीब 7500 हाजियों में से महज तीन फ्लाइट इंदौर और भोपाल से रवाना हुई हैं। जबकि बाकी हाजी मुंबई एयरपोर्ट से रवाना होंगे। 26 मई से शुरू होने वाली इन फ्लाइट के लिए हाजियों की रवानगी का सिलसिला इसी सप्ताह से शुरु हुई है।

Updated on:
22 May 2024 04:24 pm
Published on:
22 May 2024 03:35 pm
Also Read
View All

अगली खबर