कोविड सेम्पल लेकर भोपाल जा रही थी एम्बुलेंस, दो की मौके पर मौत
भोपाल. भोपाल-ब्यावरा फोरलेन के फ्लाईओवर पर रविवार देर रात 9.45 बजे हुए हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई।हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों मृतक पास के ही गांव लश्करपुर के थे, उनमें से एक का नाम 25 वर्षीय गुलाब बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार उनकी बाइक और एम्बुलेंस में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। पुलिस के अनुसार जीरापुर से कोविड-19 के सैंपल लेकर भोपाल जा रही एंबुलेंस ढलान होने से रफ्तार में थी। तभी सामने से आई बाइक से उसकी भिड़ंत हो गई।
हादसे के दौरान तेज बारिश हो रही थी, काफी देर तक कोई समझ ही नहीं पाया। फ्लाईओवर के बराबरी पर मकान के सेकेंड तल पर रहने वाले लोगों ने एक्सीडेंट की आवाज सुनी तो उन्हें पता चला और पुलिस को सूचित किया। हालांकि काफी देर तक उनके शव पड़े रहे। देर रात तक उनकी शिनाख्त नहीं हो पाई। मामले में कुरावर पुलिस मौके पर पहुची। तब उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। सोमवार को पोस्टमार्टम होगा। मृतक समीपस्थ गांव लश्करपुर के बताए जा रहे हैं। हादसे में एम्बुलेंस भी पलट गई। साथ ही घटना के बाद चालक और अन्य साथी भाग निकले।