
केंद्रीय गृह मंत्री और बीजेपी के सबसे बड़े रणनीतिकार अमित शाह का आज जन्मदिवस है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। सीएम मोहन यादव, बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित मध्यप्रदेश के तमाम नेताओं, मंत्रियों ने भी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को जन्मदिन की बधाई दी है। इस मौके पर प्रदेश के लिए उनके योगदान को रेखांकित किया है। केंद्रीय गृह मंत्री के रूप में अमित शाह ने मध्यप्रदेश को नक्सलमुक्त बना दिया। इसे उनकी सबसे बड़ी सौगात बताया जा रहा है। सीएम मोहन यादव, बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने एमपी में नक्सली खात्मे का पूरा श्रेय अमित शाह को दिया है। मुख्यमंत्री ने तो बुधवार को भी एक कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री का इस बात के लिए आभार जताया कि उन्होंने प्रदेश को 35 वर्ष पुराने नक्सलवाद के दंश से बाहर निकाला।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पुलिस स्मृति दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते कहा कि एमपी 35 साल पुराने नक्सलवाद के दंश से बाहर निकला है। इसका श्रेय उन्होंने बहादुर जवानों के साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व को दिया। सीएम ने यह भी कहा कि देश में सबसे पहले एमपी नक्सलमुक्त हुआ है। यह हमारे लिए गर्व की बात है।
नक्सलवाद की चुनौती का समूल नाश करने में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के योगदान की सीएम मोहन यादव सहित मध्यप्रदेश के सभी नेता सराहना कर रहे हैं। उनके जन्मदिन के शुभकामना संदेशों में यह भाव स्पष्ट नजर आ रहा है।
बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने अमित शाह को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके अद्वितीय संगठन कौशल और राष्ट्रहित के प्रति अटूट निष्ठा का जिक्र किया। इसके साथ ही केंद्रीय गृह मंत्री को नक्सलवाद के उन्मूलन के लिए भी याद किया। बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने अपने एक्स हेंडल पर लिखा:
अद्वितीय संगठन कौशल और राष्ट्रहित के प्रति अटूट निष्ठा के साथ देश की आंतरिक सुरक्षा को सुदृढ़ करने वाले माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री @amitshah जी को जन्मदिवस की अनंत बधाई एवं शुभकामनाएँ।
नक्सलवाद के उन्मूलन, आतंकवाद के विरुद्ध कठोर कार्रवाई, सहकारिता से समृद्धि तथा नशामुक्त भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने की दिशा में आपके प्रयास सशक्त एवं सुरक्षित भारत के निर्माण के प्रति आपकी व्यापक प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।
अयोध्यानाथ प्रभु श्रीरामलला से आपके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु जीवन की प्रार्थना करता हूँ।
खबर अपडेट की जा रही है…