
Amit Shah :केंद्रीय गृह मंत्री और बीजेपी के प्रमुख रणनीतिकार अमित शाह ने अपने दो दिवसीय दौरे में एमपी को अनेक सौगातें दीं। उन्होंने 3 साल में नशा मुक्ति का भी संकल्प व्यक्त किया। प्रदेशवासियों के साथ ही अमित शाह, मुख्यमंत्री और अनेक अन्य मंत्रियों व नेताओं को भी खुश कर गए। सीएम मोहन यादव की उन्होंने भरे मंच से तारीफ की। इतना ही नहीं, केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने प्रदेश के सत्ता-संगठन के वरिष्ठ नेताओं से वन-टू-वन मुलाकात भी की। अमित शाह के दौरे की रविवार को भी राजनैतिक गलियारों में चर्चा होती रही। लोगों ने कहा कि केंद्रीय मंत्री ने इस बार सत्ता संगठन के अधिकांश वरिष्ठ नेताओं का खासा ध्यान रखा।
नशे के खात्मे के लिए अमित शाह के डेडलाइन तय करने के बाद निजी होटल में सीएम डॉ. मोहन यादव ने अफसरों से कहा, प्रदेश में नशा का कारोबार करने वाले पूरे सिंडिकेट को ध्वस्त करेंगे। बैठक में केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन, प्रदेश के सीएस अशोक बर्णवाल, डीजीपी कैलाश मकवाणा भी मौजूद थे। सीएम ने कहा, सरकार और पुलिस मादक पदार्थों, साइबर अपराध, अवैध हथियारों के नेटवर्क पर प्रहार कर रही है। तय समय पर नशा मुक्त मप्र बनाएंगे। बता दें कि यह बैठक पहले अमित शाह की अध्यक्षता में होनी थी। बाद में सीएम मोहन यादव ने मीटिंग ली।
विशेष कोर्ट की स्थापना करें
केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन ने बैठक में अफसरों को केंद्रीय मंत्री अमित शाह का विजन बताया। कहा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात और छत्तीसगढ़ से लगी सीमाओं को देखते हुए अपराधियों की आवाजाही, हथियारों की तस्करी व ड्रग्स कॉरिडोर पर पड़ोसी राज्यों के साथ कार्रवाई करें। सूचनाओं का आदान-प्रदान हो। नेटग्रिड के अधिक उपयोग, सभी उच्च शिक्षण संस्थानों में 'ड्रग-मुक्त कैंपस' फ्रेमवर्क लागू करें। विशेष एनडीपीएस कोर्ट की स्थापना करें। एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स बनाएं।
इससे पहले गौपालक सम्मेलन में अमित शाह ने कहा, मप्र ने दूध उत्पादन 10 लाख से बढ़ाकर 50 लाख लीटर रोजाना करने का लक्ष्य रखा है। यह काफी बड़ा है। इसे पूरा करने में मप्र का साथ देंगे। उन्होंने बताया कि इस लक्ष्य को गुजरात ने पूरा कर लिया है। इस दौरान सीएम डॉ. मोहन यादव ने बताया कि 1926 नई दुग्ध समितियां, 801 पुन: सक्रिय और अब 7171 समितियां क्रियाशील हो चुकी हैं। मप्र में 2,973 करोड़ की डेयरी विकास योजना लाई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि केंद्रीय मंत्री शाह ने मप्र में ही नहीं, बल्कि देश में सहकारिता को नई दिशा दी। उनके मार्गदर्शन से ही मप्र में सहकारिता की दिशा बदली है।
केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने दुग्ध उत्पादन बढ़ाने व 50 लाख आवासीय भूखंडों की फ्री रजिस्ट्री करने जैसे कामों के लिए सीएम डॉ. मोहन यादव की तारीफ की। इधर सीएम ने कहा, मप्र मिल्क कैपिटल बनने की ओर बढ़ रहा है। इसका श्रेय पीएम मोदी व केंद्रीय मंत्री अमित शाह को है।
प्रदेश के अनेक मंत्रियों, विधायकों व नेताओं को केंद्रीय मंत्री अमित शाह से वन-टू- वन मिलने का अवसर मिला। सत्ता व संगठन से जुड़े वरिष्ठ नेताओं के साथ ऐसा पहली बार हुआ। केंद्रीय मंत्री अमित शाह के साथ दोपहर सवा दो बजे होटल में सीएम डॉ. मोहन यादव व प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के साथ प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी के अलावा प्रदेश के दोनों डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा तथा राजेंद्र शुक्ल, वरिष्ठ मंत्री प्रहलाद पटेल, कैलाश विजयवर्गीय और विश्वास सारंग भोज में शामिल हुए।
भोपाल में 40 हजार लीटर रोजाना क्षमता वाले 16.5 करोड़ के प्रोडक्ट डेयरी प्लांट
12.42 करोड़ की राज्य स्तरीय केंद्रीय प्रयोगशाला का लोकार्पण किया।
उज्जैन में 3 लाख लीटर क्षमता वाले 255 करोड़ के दुग्ध प्रोसेसिंग प्लांट का वर्चुअल भूमिपूजन।