Chunabhatti Bhopal : मध्यप्रदेश में हरियाली उजाड़कर मकान, दुकानों से लेकर शोरूम, मंदिर और मठ आदि बनाने सिलसिला लगातार जारी है। यहां तक कि लोग पहाड़, पहाड़ी भी नहीं छोड़ रहे हैं। भोपाल शहर के बीचोंबीच फैली करीब 50 एकड़ की चूना भट्टी पहाड़ी का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। ग्राउंड पड़ताल में सामने आया है कि पहाड़ी के निचले हिस्सों में चारों ओर 80 फीसदी अतिक्रमण हो चुका है। पहाड़ी पर 70 फीसदी से अधिक अवैध कब्जे हैं। वहीं अधिकांश निर्माण नियमों के विपरीत हैं। अकेले 15 एकड़ क्षेत्र में करीब 5 हजार परिवारों का ठिकाना बन गया है। निचले हिस्से में कार शोरूम, बौद्ध मठ और मंदिर विकसित हो चुके हैं, जबकि भीतर कोलार कॉलोनी बसी है।