भोपाल

डाकुओं के साथ रहते थे अमिताभ बच्चन के ससुर, चंबल के बीहड़ों में बिताया कठिन जीवन

Amitabh Bachchan : पेशे से पत्रकार और लेखक थे अमिताभ बच्चन के ससुर तरुण कुमार, दस्युओं के साथ रहकर जानी बीहड़ की हकीकत
2 min read
• •
Updated: 13 Nov 2026, 11:20 AM IST
तरुण कुमार और अमिताभ बच्चन
तरुण कुमार और अमिताभ बच्चन image patrika enhanced AI

Amitabh Bachchan : बालीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन की सास और सांसद जया बच्चन की मां इंदिरा भादुड़ी की तबीयत अचानक बिगड़ गई। इस के बाद उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार जया बच्चन ने अपनी मां के स्वास्थ्य की जानकारी ली है। अमिताभ बच्चन की सास इंदिरा भादुड़ी करीब 95 साल की हैं। वे भोपाल के श्यामला हिल्स इलाके में रहती हैं। अमिताभ के ससुर तरुण कुमार भादुड़ी पेशे से पत्रकार और लेखक थे। उनका 1996 में देहांत हो गया था। खास बात यह है कि तरुण कुमार भादुड़ी कई दिनों तक चंबल के डाकुओं के साथ रहे थे। उन्होंने डकैतों के साथ बीहड़ों में कठिन जीवन गुजारा। बाद में चंबल के बारे में एक किताब भी लिखी थी।

अमिताभ की सास शादी से पहले इंदिरा गोस्वामी के नाम से जानी जाती थीं। उन्होंने पटना से अपनी पढ़ाई पूरी की। भोपाल में रहनेवाले तरुण कुमार भादुड़ी के साथ शादी के बाद उनका नाम इंदिरा भादुड़ी हो गया था। भादुड़ी दंपत्ति की जया समेत तीन बेटियां हुईं। तरुण कुमार भादुड़ी पत्रकार और लेखक थे।उन्होंने अंग्रेजी अखबार ‘स्टेट्समैन’ में बतौर संवाददाता काम किया था।

जिन डकैतों के नाम से ही कांप उठती थी दुनिया, कई दिनों तक उन्हीं के बीच रहे

70 और 80 के दशक में मध्यप्रदेश में दस्युओं का खासा आतंक था। इस समस्या का कोई समाधान नहीं निकल पा रहा था। सभी कुख्यात डाकू चंबल के बीहड़ों में रहते थे। उन तक पुलिस पहुंच ही नहीं पाती थी। ऐसे समय में अमिताभ बच्चन के ससुर तरुण कुमार भादुड़ी बिना किसी डर के चंबल पहुंच गए। पूरी दुनिया जिन डकैतों के नाम से ही कांप उठती थी, भादुड़ी कई दिनों तक उन्हीं के बीच रहे। उन्होंने बीहड़ों में बेहद कठिन जीवन गुजारा।

भादुड़ी ने अनेक पुस्तकें लिखीं पर सबसे ज्यादा चर्चित रही अभिशप्त चंबल

तरुण कुमार भादुड़ी ने बाद में इसपर एक किताब लिखी- 'अभिशप्त चंबल'। बंगाली में लिखी इस पुस्तक का बाद में अंग्रेजी संस्करण भी आया था। तरुण कुमार भादुड़ी ने अनेक पुस्तकें लिखीं थी पर अभिशप्त चंबल सबसे ज्यादा चर्चित रही। इसके लिए उन्हें खूब प्रशंसा भी मिली थी। तरुण कुमार भादुड़ी को थिएटर और कलात्मक चीजों में बड़ी रुचि थी। इस विरासत का जया बच्चन के जीवन पर भी काफी असर देखा गया।

Updated on:
13 Nov 2026, 11:20 AM IST
Published on: