
Sonia Gandhi : कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी फिर सुर्खियों में हैं। दो दिन पूर्व ही उनकी आत्मकथा प्रकाशित हुई है। अपनी इस किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ में सोनिया गांधी ने जिंदगी के कई पहलुओं को खूबसूरती से उजागर किया है। अपने व्यक्तिगत और पारिवारिक जीवन के साथ ही देश के सबसे बड़े राजनैतिक परिवार से जुड़े होने से बने सार्वजनिक जीवन के भी कई अनछुए प्रसंगों के बारे में विस्तार से बताया है। मध्यप्रदेश के सभी वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं पूर्व सीएम कमलनाथ, दिग्विजय सिंह, प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार आदि ने ‘Belonging: A Journey of Love’ पढ़ने की बात कही है। सोनिया गांधी ने इस किताब में मध्यप्रदेश के दिग्गज नेता पूर्व सीएम अर्जुनसिंह की राजनैतिक समझ की खुलकर तारीफ की है। खास बात यह है कि अर्जुनसिंह ने कुछ सालों के लिए कांग्रेस छोड़ दी थी पर अपनी काबिलियत के बल पर दोबारा पार्टी में अहम स्थान बना लिया। पेचीदा राजनैतिक मामलों में सोनिया गांधी अक्सर उन्हीं से सलाह लेती थीं।
5 नवंबर 1930 को जन्मे अर्जुन सिंह 80 के दशक में मध्य प्रदेश के दो बार मुख्यमंत्री बने। बाद में कांग्रेस ने उन्हें केंद्र में बुला लिया। अर्जुन सिंह ने दो बार केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री का भी दायित्व संभाला। वे पीवी नरसिम्हा राव और मनमोहन सिंह के मंत्रिमंडल के प्रमुख मंत्री रहे। अर्जुन सिंह को पंजाब का राज्यपाल भी नियुक्त किया गया था। राजीव गांधी ने उन्हें एकाएक दिल्ली बुलाकर यह जिम्मेदारी थी।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में अर्जुन सिंह के कार्यकाल को तब की कुख्यात डकैत फूलन देवी के आत्मसमर्पण के लिए भी याद किया जाता है। 1983 की यह एक बहुत महत्वपूर्ण घटना थी। अर्जुन सिंह, चंबल की दस्यु समस्या खत्म कर वहां विकास कराना चाहते थे। इसी मंशा के अंतर्गत उनकी सरकार ने सामाजिक-आर्थिक समस्याओं को सुलझाने की भरसक कोशिश की थी।
सोनिया गांधी ने अपनी किताब में अर्जुन सिंह की काबिलियत का जिक्र किया है। पुस्तक के पेज नंबर 384, 397-398 के साथ ही 437 पर भी इसका उल्लेख किया गया है। सोनिया गांधी ने अर्जुन सिंह की राजनीतिक समझ और कार्यशैली की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा है कि वे बेहद बुद्धिमान नेता थे।
किताब में सोनिया गांधी ने अर्जुन सिंह को बहुत विश्वसनीय राजनैतिक सलाहकार बताया। उन्होंने लिखा है कि अहम मुद्दों पर जब भी कोई बैठक हुई, अर्जुन सिंह चुपचाप सभी वक्ताओं के विचार ध्यान से सुनते रहते थे। अंत में केवल एक वाक्य में अपनी राय व्यक्त करते थे।