
Bhopal Bank Strike: यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स (UFBU) के आह्वान पर 28 से 30 सितंबर तक (तीन दिन) बैंकों हड़ताल रहेगी। मध्यप्रदेश में भी 28, 29 और 30 सितंबर को बैंककर्मियों की हड़ताल के कारण बैंक बंद रहेंगे। 5 डे वीक वर्किंग की मांग को लेकर प्रदेश के 40 हजार बैंककर्मी इस हड़ताल में शामिल होंगे। भोपाल में 3 दिनों की बैंक हड़ताल के बीच बैंककर्मी शहर के अलग-अलग हिस्सों में आंदोलन करेंगे जिसकी रूपरेखा तैयार कर ली गई है।
प्रदेश के 40 हजार बैंककर्मी 28-30 सितंबर तक (3 दिन) हड़ताल पर रहेंगे, बैंककर्मियों की प्रमुख मांग है कि बैंकों में 5डे वीक वर्किंग लागू की जाए। इसके बदले सोमवार से शुक्रवार तक रोजाना कामकाज के समय में 40 मिनट की बढ़ोतरी का प्रस्ताव है। बैंककर्मियों का कहना है कि पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह में ग्राहक सेवा पर कोई असर नहीं आएगा, बल्कि कर्मचारी और बेहतर बैंकिंग सेवाएं दे सकेंगे। तीन दिवसीय बैंक हड़ताल में ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन, बैंक एम्प्लॉइज फेडरेशन ऑफ इंडिया, ऑल इंडिया बैंक एम्प्लाइज एसोसिएशन, ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स कॉन्फेडरेशन, नेशनल कॉन्फेडरेशन ऑफ बैंक एम्प्लॉइज, इंडियन नेशनल बैंक ऑफिसर्स कांग्रेस और इंडियन नेशनल बैंक एम्प्लॉइज फेडरेशन शामिल हैं।
28 सितंबर- बैंक हड़ताल के पहले दिन एमपी नगर प्रेस कॉम्पलेक्स में पंजाब नेशनल बैंक के सामने कर्मचारी एकत्रित होकर सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक प्रदर्शन एवं सभा करेंगे। इस दौरान एक रैली भी निकाली जाएगी।
29 सितंबर- दूसरे दिन सभी बैंक कर्मचारी सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक माता मंदिर के पास अटल पथ पर धरना-प्रदर्शन और रैली का आयोजन करेंगे।
30 सितंबर- तीसरे दिन प्रात: 10 बजे से 12 बजे तक लिंक रोड़ क्रमांक एक पर बोर्ड ऑफिस चौराहे से नानके पेट्रोल पंप, न्यू मार्केट तक ह्यूमन चैन का आयोजन करेंगे।
वहीं तीन दिनों तक बैंकों की हड़ताल होने के कारण रविवार 27 सितंबर को भोपाल में अवकाश के दिन भी बैंक खुले रहे। बैंकों में नियमित दिनों की तरह कामकाज हुआ। हालांकि कर्मचारियों ने विरोधस्वरुप काले कपड़े पहनकर ग्राहकों को सेवाएं दीं। वहीं कुछ बैंक शाखाओं में कर्मचारियों ने भोजन अवकाश के दौरान बैंकों के बाहर अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी भी की। सोमवार से तीन दिन बैंक बंद रहने के कारण रविवार को काफी संख्या में ग्राहक बैंकों में पहुंचे, जहां उन्होंने नकद जमा, निकासी, एनइएफटी, आरटीजीसी, ऋण, पासबुक अपडेट, चेक क्लीयरिंग जैसे महत्वपूर्ण काम निपटाए।