भोपाल

भोपाल में राह चलते कोई कहे- ‘आपके पैसे गिरे हैं..’ तो सावधान! वाहन रोकते ही हो रही वारदात

Robberies In Bhopal : डीआइजी बंगला चौराहे के पास की घटना, महिला प्रोफेसर बनी वारदात की शिकार। रास्ते में शख्स बोला- 'आपके नोट गिरे हुए हैं..' ड्राइवर उठाने लगा इतने में कार से बैग गायब। आधे घंटे में दो कारों के कांच तोड़। लैपटॉप, आइपैड, समेत नकदी उड़ाए।
2 min read
Robberies In Bhopal
Robberies In Bhopal (भोपाल में वाहन चालकों के साथ लगातार बढ़ रही वारदातें Photo Source- Patrika)

Bhopal News :मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में नोट गिराकर कार से सामान चोरी करने वाला गिरोह एक बार फिर सक्रिय हो गया है। शुक्रवार को गिरोह ने गौतम नगर में एक महिला प्रोफेसर के ड्राइवर को शिकार बनाया और कार से सामान उड़ा लिया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इसके अलावा हुलिये के आधार पर भी दो बदमाशों की तलाश की जा रही है।

गौतम नगर थाना पुलिस के अनुसार, कमला नगर में रहने वाली 42 वर्षीय मुस्कान आसुदानी संत हिरदाराम स्थित एक गर्ल्स कॉलेज में प्रोफेसर हैं। शुक्रवार को वो कॉलेज की एक अन्य महिला प्रोफेसर और ड्राइवर राजेंद्र चौहान के साथ कॉलेज के काम से गौतम नगर स्थित डीआइजी बंगला चौराहा पहुंची थी। मुस्कान साथी महिला प्रोफेसर के साथ फोटो कॉपी कराने चली गई। कुछ देर बाद लौटी तो कार का गेट खुला था और पिछली सीट पर रखा बैग गायब था।

ड्राइवर को झांसा देकर उड़ाया बैग

पूछताछ पर ड्राइवर राजेंद्र चौहान ने बताया कि, कुछ देर पहले दो युवक आए और बोले- आपके नोट जमीन पर गिरे हैं। राजेंद्र ने देखा तो जमीन पर 10 के दो और 20 रुपए का एक नोट गिरा हुआ था। उसे लगा नोट मेडिकल दुकान में किसी ग्राहक के गिरे हैं। उसने नोट उठाए और मेडिकल पर देने चला गया। इसी बीच बदमाशों ने कार का गेट खोलकर सीट पर रखा प्रोफेसर मुस्कान का बैग उड़ा लिया।

आधे घंटे में दो कारों के कांच तोड़ लैपटॉप, आइपैड, सहित नकदी उड़ाए

वहीं, शहर में कारों के शीशे तोड़कर चोरी करने वाला गिरोह भी फिर से सक्रिय हो गया है। शाहजहांनाबाद थाना क्षेत्र में शुक्रवार को बदमाशों ने दो अलग-अलग कारों के पीछे का कांच तोड़कर लाखों के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और नकदी समेत अन्य सामान चोरी करने का मामला सामने आया है। दोनों मामलों में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है।

पहली वारदात

मैकेनिक जैद खान ने पुलिस को बताया, वे राजधानी मोटर्स में काम से आए थे। शाम 4 बजे कार मरघटिया मंदिर के सामने खड़ी की थी। 15 मिनट बाद लौटे तो कार का पीछे का शीशा टूटा मिला। कार में रखे बैग से वन प्लस पैड, ई-डायग डिवाइस, आइ कार डिवाइस, केबल, सेंसर, चिप और अन्य मैकेनिकल टूल्स चोरी हो चुके थे।

दूसरी वारदात

गांधी मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर नीलेश नेमा ने शिकायत में बताया, एलबीएस अस्पताल के पास भवानी मंदिर की दीवार के पास एक्सयूवी कार खड़ी की थी। 45 मिनट बाद लौटे तो कार का पीछे का कांच टूटा मिला। बदमाश कार में रखा बैग ले गए, जिसमें 8 हजार रुपए नकद, टिफिन और बोतल रखी थी।

जांच में जुटी पुलिस

मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी उमेश पाल चौहान ने बताया कि, दोनों वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों की पहचान करने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस टीम जांच में जुटी हैं।

Updated on:
19 Jul 2026 07:29 am
Published on:
19 Jul 2026 07:29 am