
भोपाल के राजाभोज एयरपोर्ट पर सोमवार को एयर इंडिया की दिल्ली उड़ान 45 मिनट तक लेट हो गई। कारण वीआईपी मूवमेंट के कारण रनवे पर ही विमान खड़ा रहा। इस कारण दिल्ली जाने वाले यात्री परेशन होते रहे। केंद्रीय मंत्री के आने के बाद उड़ान रवाना हो सकी। इससे पहले भी कई बार वीआईपी मूवमेंट के कारण फ्लाईट लेने की खबरें आ चुकी हैं।
भोपाल एयरपोर्ट पर फ्लाइट क्रमांक AI 886 सोमवार को सुबह 8.40 पर उड़ान भरने वाली थी। फ्लाइट 9.30 बजे के आसपास टेकऑफ कर पाई। इस बीच दिल्ली जाने वाले कई यात्री एयरपोर्ट पर फ्लाइट के उड़ान भरने का इंतजार करते रहे। इधर, यात्रियों के बार-बार पूछे जाने पर कोई भी संतोषजनक जवाब उन्हें नहीं मिल पा रहा था। हालांकि सबसे आखिरी में फ्लाइट में सबसे आखिरी बोर्डिंग केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की हुई। इस बारे में एयरपोर्ट डायरेक्टर आलोक त्रिपाठी ने इतना ही कहा कि हमारी एयर इंडिया के अधिकारियों से बात हुई है। उड़ान ऑपरेशन रीजन से लेट हुई है।
बताया जा रहा है कि केंद्रीय मंत्री का काफिला सुबह घर से निकला था, लेकिन एयरपोर्ट आने से पहले ही अचानक बीच से ही वापस लौट गया। लेकिन बंगले पर जाने से पहले दोबारा एयरपोर्ट के लिए काफिला रवाना हो गया। इस कारण केंद्रीय मंत्री का काफिला एयरपोर्ट पर पहुंचने में लेट हो गया था।
इससे पहले अगस्त माह में भी एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइ IX-1790 दोपहर 12.45 बजे दिल्ली के लिए टेकऑफ करने वाली थी। इस बीच यात्री और मध्यप्रदेश के एसीएस अनुपम राजन भी फ्लाइट लाउंज में इंतजार करते रहे। हालांकि यह विमान तकनीकी खामियों के कारण लेट हुआ था, लेकिन इसमें वीआईपी भी परेशान हुए थे। यह फ्लाइट तीन घंटे विलंब से उड़ान भर सकी थी।
मध्यप्रदेश के एक एक मंत्री के कारण फ्लाइट का रूट ही बदल दिया गया। दरअसल, दिल्ली से भुवनेश्वर जा रही एयर इंडिया की एक फ्लाइट अपने निर्धारित समय 8 घंटे तक लेट हो गई थी। बताया गया था कि भोपाल जाने वाले कुछ वीआईपी के कारण यह फ्लाइट को भोपाल के लिए टेकआफ करा दिया था। इसका विरोध भुवनेश्वर जाने वाले बीजेडी सांसद ने किया था। 10 जनवरी 2016 का यह वाकया है। भुवनेश्वर के सांसद सत्पथी ने आरोप लगाया था कि एमपी के एक मंत्री साहब और वीआईपी के प्रभाव के चलते ऐसा किया गया था।
22 दिसंबर 2019 की बात है। दिल्ली से भोपाल आते समय भाजपा की भोपाल सांसद रहते हुए प्रज्ञा सिंह के कारण यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ गया था। दरअसल, प्रज्ञा ठाकुर को मनपसंद सीट नहीं मिल पाई थी। वे फ्लाइट के क्रू मेंबर से बहस कर रही थी। इस कारण काफी समय तक फ्लाइट वहीं खड़ी रही। वीआईपी होने के कारण फ्लाइट का स्टाफ उनसे काफी देर तक सम्मान जनक तरीके से चर्चा करता रहा। लेकिन यात्री इस लेट लतीफी के कारण गुस्सा हो गए। यात्रियों ने प्रज्ञा ठाकुर को यह कहते हुए लताड़ दिया कि किसी के समय की वैल्यू ही नहीं है। प्रज्ञा ठाकुर सीट के लिए बहस कर रही थी और फ्लाइट डिले होते जा रही थी।