Gyanesh Kumar-Ajay Singh photo: वोट चोरी के मुद्दे पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार का विरोध कर रही कांग्रेस को उनके भोपाल आने की भनक तक नहीं लगी। सीईसी दो दिन भोपाल में रहे और बुधवार सुबह दिल्ली रवाना हो गए। इसके करीब 10 घंटे बाद कांग्रेस नेताओं को उनके भोपाल प्रवास की जानकारी मिली। इसके बाद युवा कांग्रेस-एनएसयूआइ के कार्यकर्ता पुतला लेकर पहले उस होटल पहुंचे, जहां सीईसी ठहरे थे। वहां से रवाना होने की जानकारी मिली तो एयरपोर्ट पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी फ्लाइट भी जा चुकी थी। आखिरकार कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय (पीसीसी) के सामने पुतला दहन कर विरोध जताया। दरअसल, ज्ञानेश कुमार अपने भांजे व डीजी ईओडब्ल्यू उपेंद्र जैन के बेटे की शादी में शामिल होने के लिए दो दिन भोपाल में थे।