भोपाल

दिनदहाड़े भेल से रिटायर्ड जीएम के घर घुसे दो बदमाश, 30 हजार लेकर फरार

मीटर रीडिंग लेने के बहाने खुलवाया दरवाजा, पत्नी को बैठा दिया सोफे पर
2 min read
• •
Updated: 21 Feb 2019, 8:06 AM IST
crime
crime city bhopal

भोपाल. दिनदहाड़े दो बदमाशों ने भेल से रिटायर्ड एक जीएम के घर धावा बोल दिया। बदमाशों ने रिटायर्ड जीएम की पत्नी को जान से मारने की धमकी देकर चुप करा दिया और लूटपाट कर फरार हो गए। रिटायर्ड जीएम इलाज कराने गए थे। घर पर उनकी पत्नी थीं। बदमाशों ने मीटर रीडिंग के बहाने दरवाजा खुलवाया और अंदर दाखिल होते ही उन्हें धक्का देकर सोफे पर पटक दिया। फिर डराया-धमकाया और चाबी छीन कर अलमारी में रखे 30 हजार लूट कर फरार हो गए। पति के घर लौटने के बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। यह मामला पिपलानी थाना क्षेत्र का है। थाना प्रभारी राकेश श्रीवास्तव ने बताया कि सी सेक्टर इंद्रपुरी मकान नंबर 174 में विनोद कुमार कपूर रहते हैं, वे भेल से रिटायर्ड जीएम हैं। घर पर वे पत्नी मीरा कपूर (69) के साथ रहते हैं। विनोद कपूर इन दिनों बीमार चल रहे हैं, उन्हें लकवा है। उनका इलाज नारियलखेड़ा स्थित एक क्लीनिक में चल रहा है। मंगलवार वे दवाई लेने के लिए नारियलखेड़ा गए हुए थे। घर पर पत्नी मीरा अकेली थीं। दोपहर डेढ़ बजे के बीच किसी ने डोर बेल बजाई। उन्होंने पूछा तो युवकों ने बताया कि वे मीटर की रीडिंग लेने आए हैं। उन्होंने जबाव दिया कि रीडिंग तो 5-6 तारीख के बीच हो जाती है, तो अब बीच में क्यों रीडिंग लेने आए हो। इस पर बदमाशों ने उन्हें दरवाजा खोलने को कहा।

पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज
पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है। वहीं शहर के लुटेरों व बदमाशों से पूछताछ कर रही है। हालांकि वारदात के 24 घंटे बाद पुलिस आरोपियों का सुराग नहीं मिला है।

कुत्ता भौंका तो बंधवा दिया
उन्होंने दरवाजा खोला, उनके पालतू कुत्ते ने भौंकना शुरू कर दिया। इस पर बदमाशों ने कहा कि कुत्ते को बांध दो, वह मीटर रीडिंग के चलते बदमाशों के झांसे में आ गईं और कुत्ते को बांधकर दरवाजा खोल दिया। जैसे ही दरवाजा खोला, दोनों बदमाश उन्हेें धक्का देते हुए घर में दाखिल हो गए। बदमाशों की हरकत देख उन्होंने विरोध करते हुए शोर मचाना शुरू कर दिया, तभी बदमाशों ने उन्हें डराया-धमकाया और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देकर सोफे पर बैठा दिया। पति के घर लौटने पर उन्होंने घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। रात 11 बजे पुलिस ने मीरा कपूर की शिकायत पर अज्ञात दो बदमाशों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।

Published on: