
बसों में लगी आग से उठती लपटें (फोटो सोर्स: Patrika)
Bhopal News : मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में स्थित अंतर्राष्ट्रीय बस अड्डे पर खड़ी बसों में आग लगने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि, आईएसबीटी बस स्टैंड पर कड़ी वर्मा ट्रेवल्स समेत अन्य ट्रेवल्स की करीब 8 बसों में भीषण आग लगी है। आग लगने से बस स्टैंड पर अफरा तफरी फैल गई है। फिलहाल, घटना की जानकारी पुलिस और दमकल दल को दे दी गई है।
इधर, जानकारी लगते ही दमकल विभाग की एक के पीछे एक कई गाड़ियां और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है और आग बुझाने का प्रयास शुरु कर दिया गया है। राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर शुरु कर दिया गया है। साथ ही, आग पर काबू पाने की लगातार कोशिशें की जा रही हैं। आग लगने का प्राथमिक कारण क्या है और इसमें किसी प्रकार की जनहानि हुई है या नहीं, इस संबंध में अभी विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है। पुलिस और प्रशासन द्वारा आसपास के इलाके को खाली कराकर सुरक्षा घेरा बना लिया गया है, ताकि किसी तरह के बड़े हादसे से बचा जा सके।
बता दें कि, रविवार देर शाम आग लगने के वक्त बस स्टैंड पर यात्रियों और आम लोगों की काफी चहल-पहल थी। उसी समय अचानक बसों से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। साथ ही, काले धुएं का गुबार देखकर लोगों के बीच हड़कंप मच गया। कुछ लोगों को सांस लेने भी तकलीफ होने लगी। इसी के चलते लोगों में भगदड़ की स्थिति भी बन गई। लोग धूएं के कारण जल्दी जल्दी दौड़ते हुए बस स्टैंड से दूर जाते नजर आए।
स्थानीय लोगों की मानें तो आग शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की बात कही जा रही है। हालांकि, आग लगने का मुख्य कारण क्या था (शॉर्ट सर्किट या कोई अन्य वजह) इसका आधिकारिक खुलासा अभी नहीं किया जा सका है। हादसे में किसी के हताहत होने या जलने की सूचना अब तक सामने नहीं आई है। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और स्थिति पर काबू पाने के साथ-साथ नुकसान का आकलन करने का प्रयास कर रही हैं।
Updated on:
25 Oct 2026, 8:29 PM IST
Published on:
25 Oct 2026, 7:38 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.