
Bhopal News :मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के ऐशबाग थाना क्षेत्र के सुदामा नगर इलाके में रहने वाले बुजुर्ग दंपती की हत्या के मामले में हर रोज कुछ न कुछ नया सामने आ रहा है। अब इस मामले की पुलिसिया जांच पर भी सवाल उठने लगे हैं। सामने आया है कि, जिस घर से दंपती की डेड बॉडी रिकवर की गई, उसी घर से एक देशी कट्टा भी पुलिस को मिला था। लेकिन, पुलिस ने न तो उस कट्टे को कार्रवाई के तहत जब्त किया और न ही उसकी फॉरेंसिक जांच कराई गई। पुलिस की कार्रवाई पर लापरवाही उजागर हुई है।
बता दें कि, हेमंत बारीक और पत्नी शकुंतला बारीक की 27 जून को घर में गोली लगी हालत में लाश मिली थी। सूत्रों के अनुसार, शुरुआती तलाशी के दौरान पुलिस को घर के अंदर एक देशी कट्टा मिला था, लेकिन उसका जब्ती पंचनामा तैयार नहीं किया गया, उसे पुलिस मालखाने में जमा नहीं कराया गया और न ही बैलिस्टिक जांच के लिए एफएसएल भेजा गया।
ऐशबाग थाना प्रभारी संदीप पवार ने पुष्टि की, घर से एक कट्टा मिला था। हालांकि, उन्होंने कहा कि वो कबाड़ में पड़ा था और उसका हत्याकांड से कोई संबंध नहीं है। बता दें कि, घटनाक्रम के बाद ये सवाल उठ रहे हैं कि, क्या हेमंत बारीक को किसी हमले की आशंका थी और उन्होंने आत्मरक्षा के लिए ये हथियार अपने घर में रख रखा था। हालांकि, पुलिस का कहना है कि जांच में अब तक ऐसा कोई तथ्य सामने नहीं आया है, जो कट्टे को हत्या से जोड़ता हो।
हत्याकांड की जांच के लिए विशेष जांच दल का गठन किया गया है। 200 से अधिक पुलिसकर्मियों की टीम जांच में लगी है। पुलिस 200 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल चुकी है और आरोपियों की जानकारी देने वाले को 50 हजार रुपए के इनाम की घोषणा भी की गई है।
हत्याकांड के 17 दिन बाद हत्यारों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस ने रेनकोट पहने दो संदिग्धों का सीसीटीवी फुटेज भी जारी किया था, लेकिन अब तक कोई सूचना नहीं मिली है।