भोपाल

भोपाल गैंग रेप : आज आमने-सामने होंगे चारों आरोपी, 9 तक रहेंगे पुलिस रिमांड में

जीआरपी को हवालात में बंद गोलू और रमेश के साथ जेल में बंद अमर और राजेश की रिमांड भी मिल गई है...
2 min read
• •
Updated: 8 Nov 2017, 9:21 AM IST
gang rape, bhopal gang rape, accused on police remand, latest news of gang rape victim, latest crime news of bhopal, crime news of bhopal in hindi, bhopal hindi news
लॉयन्स क्लब भोपाल ने मंगलवार को गैंगरेप पीडि़ता को न्याय और आरोपियों को कठोर सजा देने को लेकर न्यू मार्केट में कैंडल मार्च निकाला।

भोपाल। छात्रा से गैंगरेप के बाद फरार हुए चारों आरोपी घटना के बाद बुधवार को पहली बार आमने-सामने होंगे। जीआरपी को हवालात में बंद गोलू और रमेश के साथ जेल में बंद अमर और राजेश की रिमांड भी मिल गई है। अमर और राजेश को बुधवार सुबह जेल से जीआरपी थाने लाया जाएगा, जहां चारों का आमना-सामना होगा। सारी कडि़यों को जोडऩे पुलिस घटनास्थल और अन्य साक्ष्यों की पुष्टि करेगी।

जीआरपी ने मंगलवार को चौथे आरोपी रमेश का पोटेंशियल टेस्ट (शारीरिक क्षमता परीक्षण) कराया, जिसके बाद उसे कोर्ट में पेश किया। रमेश के साथ रिमांड पर चल रहे गोलू को भी कोर्ट में पेश किया। जीआरपी ने दोनों आरोपियों के साथ जेल में बंद दो अन्य आरोपी राजेश व अमर की रिमांड भी मांगी। कोर्ट ने सभी की नौ तारीख तक की पुलिस रिमांड पास कर दी।

रेलवे पुलिस की एक टीम रमेश को लेकर कोर्ट पहुंची। वहीं, दूसरी टीम रमेश को पोटेंशियल टेस्ट के लिए हमीदिया लेकर गई। हमीदिया में रमेश की उम्र, शारीरिक क्षमता सहित विभिन्न मेडिकल जांच की गई। रमेश का टेस्ट पॉजीटिव आया। टेस्ट के बाद टीम रमेश को लेकर अदालत पहुंची, जहां जीआरपी ने आरोपी से पूछताछ के लिए नौ तारीख तक रिमांड मांगी, जिसे कोर्ट ने स्वीकार कर लिया।

पीडि़ता से फोन पर बोलीें सुषमा

विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने मंगलवार को गैंगरेप पीडि़ता छात्रा से फोन पर बात की। सुषमा बोलीं, आप हिन्दुस्तान की बेटी हो, इस केस में जिस भी तरह मदद की जरूरत हो मुझे बताएं। यदि पुलिस प्रशासन की ओर से किसी तरह की कमी रह गई हो तो हमें बताओ हम उसे सुधारेंगे। तब पीडि़ता ने वारदात के बाद पुलिस-प्रशासन के रवैये की शिकायत करते हुए उन्हें घटना की जानकारी दी। इस पर स्वराज ने कहा कि आप मेरी बेटी की तरह हो मुझसे जो भी मदद बन पड़ेगी जरूर करुंगी। स्वराज ने अपना निजी नम्बर देते हुए कहा कि भविष्य में कोई भी समस्या होने पर इस नम्बर पर फोन करें मैं मदद के लिए हर समय उपलब्ध रहूंगी। इसके अलावा भविष्य में भोपाल प्रवास पर आने के दौरान उन्होंने पीडि़ता से मिलने का वादा भी किया। इसके साथ ही उन्होंने घटना पर खेद व्यक्त किया। स्वराज ने पांच मिनट तक पीडि़ता से बातचीत करने के दौरान कहा कि हम पूरे हिन्दुस्तान की मदद करते हैं।

Published on: