भोपाल

रेप पीडि़ता को वापस ले गए थे परिजन पर सलमान फिर भोपाल ले आया!

पीडि़ता के परिजन पहुंचे भोपाल,बड़ी बहन ने कहा जब तक इलाज चलेगा, तब तक वह अस्पताल में बहन की सेवा करेगी।
2 min read
• •
Updated: 11 Nov 2017, 1:23 PM IST
MP Crime

भोपाल। रेलवे स्टेशन के पास गर्भावस्था में मिली 12 साल की किशोरी के परिजन शुक्रवार को भोपाल पहुंचे। परिजनों ने बताया कि दो माह पहले वह किशोरी को भोपाल रेलवे स्टेशन के पास से सलमान के चंगुल से छुड़ाकर जबलपुर ले गए थे। कुछ दिन बाद वह परिजनों को बिना बताए भोपाल आ गई। परिजनों ने संदेह जताया कि किशोरी को सलमान बहला-फुसलाकर भोपाल लाया होगा।

पुलिस में बयान दर्ज कराने के बाद परिजन सुल्तानिया अस्पताल पहुंचे, जहां किशोरी की हालत देख वह सहम गए। किशोरी के परिजनों में जबलपुर से भाई-भाभी व बहन आई हुई हैं। मालूम हो कि सप्ताहभर पहले रेलवे चाइल्ड लाइन ने रेलवे स्टेशन के पास से 12 साल की किशोरी को बरामद किया था। मेडिकल जांच में किशोरी से रेप की पुष्टि हुई थी, वह चार माह के गर्भ से थी।

इसके बाद किशोरी को सुल्तानिया अस्पताल में भर्ती कराने के बाद जीआरपी ने गैंगरेप का मामला दर्ज किया था। मामले में पुलिस सलमान को गिरफ्तार कर चुकी है। जबकि तीन-चार अन्य आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है।

मां की हो चुकी मौत, पिता बीमार
किशोरी की बड़ी बहन ने बताया कि उसकी मां की मौत हो चुकी है। पिता ही परिवार का भरण-पोषण करते थे, लेकिन पिछले दो साल से वह गंभीर बीमारी से ग्रसित हैं। बड़ी बहन ने बताया कि शादी के बाद से वह अपने ससुराल आ गई।

नशे का बनाया आदी
पीडि़ता की बहन ने यह भी बताया कि उसकी छोटी बहन को बाहरी लोगों ने तरह-तरह के नशे का आदी बना दिया है। उसे कई बार घर ले जाया गया, लेकिन वह जबलपुर में नहीं रुकी।

सुल्तानिया जनाना अस्पताल के अधीक्षक डॉ. करन पीपरे ने बताया कि बच्ची का ट्रीटमेंट सीडब्ल्यूसी द्वारा दिए गए आवेदन के बाद शुरू कर दिया गया है। कम उम्र होने की वजह से गर्भ अलग करने डॉक्टरों की टीम दवाइयों का प्रयोग करेगी। उन्होंने बताया किसी तरह की कोई पेरशानी न हो इसके लिए सीनियर डॉक्टर्स की टीम का गठन किया गया है।

आरोपियों की पहचान की जा रही है। एक आरोपी सलमान गिरफ्तार हो चुका है, जल्द ही जीआरपी अन्य आरोपियों को पकड़ लेगी।
- रुचिवद्र्धन मिश्रा, एसपी, जीआरपी

Published on: