
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने संत रावतपुरा सरकार का स्वागत किया image X @jitupatwari
Jitu Patwari : एमपी के प्रसिद्ध संत रावतपुरा सरकार मंगलवार को कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी के निवास पर पहुंचे। पटवारी ने परिवार सहित उनका स्वागत किया। नतमस्तक होते हुए संत रावतपुरा सरकार की चरण वंदना की। इस मौके पर पूर्व मंत्री सज्जन वर्मा सहित अनेक कांग्रेस नेता भी उपस्थित थे।
संत रावतपुरा सरकार के सान्निध्य में लाल परेड ग्राउंड में हरिद्रा कुंकमार्चन महाअनुष्ठान आयोजित किया गया था। यहां शरद पूर्णिमा की चांदनी रात में जगमगाते हजारों दीप और रंग बिरंगी रोशनी में मां राजराजेश्वरी की भक्ति का अनुपम नजारा दिखाई दिया। श्रद्धालु पारंपरिक परिधानों में शामिल हुए। मिट्टी के कलश पर दीपों की रोशनी और सामने रखी पूजन की थाल, साथ ही मंच से मंत्रोच्चार की धुन: इनके बीच श्रद्धालु हल्दी सहित अन्य पूजन सामग्री अर्पित करते रहे। पूरा परिसर श्रद्धा भक्ति के रंग में रंगा गया था।
हरिद्रा कुंकमार्चन महाअनुष्ठान में संत रावतपुरा सरकार के सान्निध्य में विभिन्न स्थानों से आए 1100 आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अनुष्ठान कराया। इसके लिए देश के अलग- अलग स्थानों से पूजन सामग्री लाई गई थी। इसमें सवा क्विंटल से अधिक हल्दी, 31 हजार नारियल सहित 238 तरह की सामग्री अर्पित की गई। सोमवार शाम से रात्रि तक दो घंटे तक मंत्रोच्चार के साथ यह अनुष्ठान चलता रहा। मां के एक करोड़ अर्चन के साथ मंगल आरती हुई।
कार्यक्रम में अनेक मंत्री, विधायक, जनप्रतिनिधि सहित गणमान्य नागरिक शामिल हुए थे। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी भी पहुंचे थे। आयोजन स्थल पर जैसे ही रावतपुरा सरकार का आगमन हुआ, उज्जैन से आए ढोल नगाड़ों, डमरू दल और पंडितों ने शंखनाद कर उनका स्वागत किया। इस मौके पर रंगारंग आतिशबाजी की गई और आकाशदीप भी छोड़े गए। ग्राउंड में दस एलइडी स्क्रीन भी लगाई गई थी।
मंगलवार को सुबह संत रावतपुरा सरकार, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी के निवास पर पहुंचे। पटवारी और उनका परिवार संत के चरणों में नतमस्तक हुआ। संत रावतपुरा सरकार का विधिपूर्वक स्वागत किया।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने इस मौके की तस्वीरें पोस्ट करते हुए अपने एक्स हेंडल पर लिखा:
यह परम सौभाग्य का विषय है कि आज भोपाल स्थित निवास पर परम पूज्य संतश्री रावतपुरा सरकार का पावन आगमन हुआ!
पूज्य संतश्री का सान्निध्य प्राप्त होना मेरे लिए परम सौभाग्य, आत्मिक शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा का अविस्मरणीय अवसर है!
संत-सान्निध्य विचारों को सकारात्मक दिशा देता है और समाज के प्रति सेवा, समर्पण एवं सद्भाव के संकल्प को और अधिक दृढ़ बनाता है!
प्रभु से प्रार्थना है, उनका आशीर्वाद सदैव बना रहे और हम सभी को जनकल्याण के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा भी मिलती रहे!
Updated on:
27 Oct 2026, 12:52 PM IST
Published on:
27 Oct 2026, 12:38 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.