
भोपाल। भोपाल स्मार्ट सिटी डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड को बेस्ट स्मार्ट सिटी ऑफ द ईयर अवार्ड मिला। भोपाल पब्लिक प्राईवेट पार्टनर्शिप (पीपीपी) के लिए स्मार्ट पोल और मॉडल को बेस्ट इनिशियेटिव ऑफ द ईयर का अवार्ड मिला है। मप्र को स्मार्ट स्टेट ऑफ द ईयर का अवार्ड प्राप्त हुआ है।
सातवें स्मार्ट सिटीज़ कॉन्कलेव व अवार्ड कार्यक्रम का आयोजन पोर्ट ब्लेयर में किया गया। इस कार्यक्रम में नगरीय विकास एवं आवास विभाग के आयुक्त पी नरहरी व भोपाल स्मार्ट सिटी डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड के मुख्य वित्तीय अधिकारी सुनील भदौरिया ने अवार्ड ग्रहण किया।
भोपाल स्मार्ट सिटी कंपनी में चल रहें प्रोजेक्ट्स व उनकी प्रगति को देखते हुए बेस्ट स्मार्ट सिटी ऑफ द ईयर का अवार्ड दिया गया है। देश मेें सबसे तेज गति से स्मार्ट सिटी के विकास कार्यो को भोपाल स्मार्ट सिटी डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है। जिसके मूल्यांकन के पश्चात् भोपाल को बेस्ट स्मार्ट सिटी ऑफ द ईयर का अवार्ड मिला है।
भोपाल स्मार्ट सिटी डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड के जनसंपर्क अधिकारी नितिन दवे ने बताया कि इसी तरह पब्लिक प्राईवेट पार्टनर्शिप (पीपीपी) के अंतर्गत डिजिटल कनेक्टिविटी के लिए स्मार्ट पोल को अवार्ड दिया गया है। उल्लेखनीय है कि भोपाल शहर में स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत 150 स्मार्ट पोल स्थापित किए हैं। इनको जोडऩे के लिए 200 किलोमीटर का फाईबर केबल नेटवर्क बिछाया गया है।
इन स्मार्ट पोल्स में वाई फाई, एन्वायरोमेंट सेंसर, डिजिटल बिल बोर्ड, सर्विलेंस कैमरा, लाईट आदि कम्पोनेंट दिये गये है। इनको नियंत्रित करने के लिए कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। स्मार्ट पोल अपने आप में कॉम्पेक्ट साईज का मोबाईल टॉवर है। इसके अलावा भोपाल स्मार्ट सिटी मॉडल के लिए भारतीय इंफ्राटेल के साथ अवार्ड दिया गया है। स्मार्ट सिटी के तहत टीटी नगर में भी काम चल रहा है। यहां पर सरकारी आवासों के लिए बहुमंजिला इमारत बनाने का काम चल रहा है। एक स्मार्ट रोड भी बनाई जा रही है।