भोपाल

भोपाल में फिर महंगी होगी प्रॉपर्टी, इन प्राइम लोकेशनों पर बढ़ेंगी कीमतें

MP News: जिला मूल्यांकन समिति ने 621 लोकेशनों पर गाइडलाइन दरें बढ़ाने का प्रस्ताव दिया है। शहर की 551 प्राइम लोकेशन पर कीमतें 11% तक बढ़ सकती हैं, जिससे बाजार में हलचल तेज हो गई है।
2 min read
Feb 22, 2026
bhopal property rates hike guideline increase 621 locations MP News
bhopal property rates hike (फोटो- Patrika.com)

Bhopal Property Rates: भोपाल शहर में प्रॉपर्टी की दरें फिर से बढ़ाई जा रही हैं। करीब 621 स्थानों पर यह बढ़ोतरी होगी। बताया जा रहा है कि कीमतें 11 प्रतिशत तक बढ़ जाने से शहर में प्रॉपर्टी महंगी हो जाएगी। यह बात जिला स्तरीय मूल्यांकन समिति की बैठक में शनिवार को वर्ष 2026-27 की प्रस्तावित गाइडलाइन - दरों पर चर्चा के दौरान सामने आई। हालांकि इसका विरोध भी शुरू हो गया है। यहां संपदा पोर्टल सुमित विभिन्न विभागों से मिले दर वृद्धि से जुड़े आंकड़ों का विश्लेषण किया गया। (MP News)

कलेक्टर कार्यालय में हुई अहम बैठक

ग्राम एवं नगर निवेश द्वारा स्वीकृत अभिन्यास, औद्योगिक क्षेत्रों की स्थिति, नवविकसित क्षेत्रों तथा सघन व्यावसायिक क्षेत्रों की समीक्षा कर बाजार मूल्य निर्धारण के विभिन्न पहलुओं पर विचार किया गया। कलेक्टर कार्यालय में कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह की अध्यक्षता हुई बैठक में समिति के सदस्य विधायक दक्षिण-पश्चिम भोपाल भगवानदास सबनानी, जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रमोद राजपूत सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। अगली बैठक में प्रस्ताव सामने रखकर इस पर आमजन के सुझाव और आपत्ति की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

दरें रखने का विरोध

यहां पंजीयन विभाग के अफसरों ने सभी औद्योगिक क्षेत्र में एक तरह की दरें रखने, सभी बाजारों को एक ही दर में लाने, हाईवे किनारे के क्षेत्र की दरें भी एक जैसी करने के प्रस्ताव रखे। हालांकि विधायक भगवान दास सबनानी ने इसका विरोध किया। उन्होंने कहा, विकसित क्षेत्र और अविकसित क्षेत्र को आप एक श्रेणी में कैसे रख सकते है? इस पर कलेक्टर ने चर्चा करने के बाद निर्णय लेने का कहा।

11 फीसदी तक वृद्धि

यहां दिए गए प्रस्ताव के अनुसार जिले में प्रॉपर्टी की दरों में औसत वृद्धि करीब डेढ़ प्रतिशत प्रस्तावित की गई है। शहर की 551 चुनिंदा लोकेशन की दरों में 11 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी का प्रस्ताव दिया गया है। प्रस्ताव के अनुसार, जिले में प्रॉपर्टी की दरों में औसत वृद्धि करीब डेढ़ प्रतिशत प्रस्तावित की गई है। हालांकि, भोपाल के शहरी क्षेत्रों की स्थिति इससे अलग है। अधिकारियों ने बताया कि शहर की 551 चुनिंदा लोकेशन ऐसी हैं, जहां विकास और मांग को देखते हुए प्रॉपर्टी की दरों में 11 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी का प्रस्ताव दिया गया है। इन क्षेत्रों में हाल के दिनों में संपत्तियों की रजिस्ट्री और बाजार मूल्यों में बड़ा उछाल देखा गया है।

इस तरह आए प्रस्ताव

  • 1307 लोकेशन पर उच्च मूल्य के दस्तावेजों के कारण दरों मैं वृद्धि के सुझाव
  • 203 लोकेशन ऐसी जिसमें एक ही वार्ड की आसपास की कॉलोनियों में दरों के अत्यधिक अंतर
  • 91 लोकेशन पर पंजीयन अधिकारियों ने सर्वे के आधार वृद्धि प्रस्तावित की
  • 37 लोकेशन में नवीन विकास के कारण दर वृद्धि प्रस्तावित
  • 38 लोकेशन पर टी एंड सीपी से अभिन्यास स्वीकृति एवं आमजन सुविधा के कारण
  • 18 लोकेशन नए राष्ट्रीय राजमार्ग/बायपास/रिंग रोड के प्रभाव से
  • 03 लोकेशन नए औद्योगिक एवं विशेष आर्थिक क्षेत्रों की स्थापना के कारण
  • 621/कुल लोकेशनों में दर वृद्धि परिलक्षित

अन्य उच्च दर वाले क्षेत्र

  • लालघाटी चौराहा से एयरपोर्ट तिराहे तक (मुख्य मार्ग): आवासीय दर 40,000 रुपए और व्यावसायिक दर 60,000 रुपए प्रति वर्ग मीटर है।
  • एमएलए क्वार्टर्स (ओल्ड): आवासीय दर 48.000 रुपए और व्यावसायिक दर 72,000 रुपए निर्धारित है।
  • भोपाल सीहोर मार्ग (रेलवे फाटक से इंदौर नाका तक): आवासीय दर 50,000 रुपए और व्यावसायिक दर 70,000 रुपए प्रति वर्ग मीटर है।
  • न्यू मार्केट और टी टी नगर क्षेत्र भोपाल के सबसे महंगे कमर्शियल और रेजिडेंशियल इलाकों में शामिल हैं। (MP News)
Updated on:
22 Feb 2026 03:51 am
Published on:
22 Feb 2026 03:51 am