MP Youth Congress - चुनाव में आपराधिक केसों की सही जानकारी नहीं देने पर भोपाल यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष अंकित दुबे को हटाया
MP Congress- मध्यप्रदेश में यूथ कांग्रेस के एक बड़े नेता को पद से हटा दिया गया है। आपराधिक रिकॉर्ड छिपाने पर ये कार्रवाई की गई है। यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व ने कड़ा फैसला लेते हुए भोपाल यूथ कांग्रेस अध्यक्ष अंकित दुबे को हटा दिया है। उनके स्थान पर अमित खत्री को कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। अंकित दुबे पर अपने आपराधिक रिकॉर्ड छिपाने के आरोप लगे थे। शिकायत के बाद राष्ट्रीय नेतृत्व ने मामले की जांच कराई। जांच रिपोर्ट में अंकित दुबे द्वारा आपराधिक रिकॉर्ड छिपाने की पुष्टि हुई। तथ्य सामने आने के बाद राष्ट्रीय नेतृत्व ने सख्त फैसला लेते हुए उन्हें अध्यक्ष पद से हटा दिया।
एमपी में यूथ कांग्रेस में भोपाल जिले में अध्यक्ष पद को लेकर जबर्दस्त जद्दोजहद थी। चुनाव में पहले स्थान पर आने से अंकित दुबे जिलाध्यक्ष निर्वाचित हो गए पर दूसरे स्थान पर रहे अमित खत्री ने उनकी शिकायत कर दी। उन्होंने दुबे पर चुनाव नामांकन में अपने आपराधिक केसों की सही जानकारी नहीं देने का आरोप लगाया।
अमित खत्री की शिकायत पर राष्ट्रीय नेतृत्व ने मामले की जांच यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति रंजन और लिलिन प्रसाद को सौंपी। दोनों नेताओं ने भोपाल आकर संबंधित दस्तावेज देखे। जांच समिति ने शिकायतकर्ता अमित खत्री और निर्वाचित जिलाध्यक्ष अंकित दुबे दोनों के बयान भी लिए।
राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति रंजन और लिलिन प्रसाद ने व्यापक जांच के बाद राष्ट्रीय नेतृत्व को अपनी रिपोर्ट सौंपी। इसमें अंकित दुबे के खिलाफ गंभीर आपराधिक केस लंबित पाए जाने का जिक्र किया गया।
जांच रिपोर्ट के तथ्यों के आधार पर यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व ने भोपाल जिलाध्यक्ष अंकित दुबे को तत्काल प्रभाव से हटाने का आदेश जारी कर दिया। शुक्रवार को जारी आदेश के अनुसार जिलाध्यक्ष पद के चुनाव में दूसरे स्थान पर रहे अमित खत्री को कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया।