भोपाल

MP Election 2023: अंतिम दौर में चुनाव प्रचारः चार जिलों के तूफानी दौरे पर अमित शाह

amit shah news- भाजपा के स्टार प्रचार केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह सोमवार को मध्यप्रदेश के चार जिलों के दौरे पर हैं। अमित शाह विदिशा, गुना, अशोकनगर, दतिया विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करेंगे।

2 min read
Nov 13, 2023
amit-shah.png

भाजपा के स्टार प्रचार केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह सोमवार को मध्यप्रदेश के चार जिलों के दौरे पर हैं। अमित शाह विदिशा, गुना, अशोकनगर, दतिया विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करेंगे।

मध्यप्रदेश में 17 नवंबर को होने वाले मतदान में तीन दिन का समय बचा है। आखरी दौर का प्रचार जारी है। अमित शाह सोमवार को दोपहर 12 बजे विदिशा जिले के सिरोंज में बस स्टैंड पर आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद दोपहर 1.30 बजे गुना जिले की चांचोड़ा विधानसभा सीट से बीना गंज के मंडी प्रागंण में सभा करेंगे। वहीं दोपहर 2.35 बजे राघौगढ़ विधानसभा के राघौगढ़ के भारतीय स्टेट बैंक के पास सभा करेंगे। इसके बाद अमित शाह शाम चार बजे अशोक नगर जिले की चंदेरी विधानसभा क्षेत्र के नई सराई के सुरई मैदान में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। शाह शाम 5.20 बजे दतिया जाएंगे, जहां मां पीताम्बरा पीठ के दर्शन और पूजा करने के बाद किला चौक पर जन सभा को संबोधित करेंगे।

गौरतलब है कि 17 नवंबर को होने वाले मतदान के लिए चंद घंटों का समय ही बचा है। प्रदेश की सभी 230 विधानसभा सीटों के लिए भाजपा और कांग्रेस में मुख्य मुकाबला है। इस चुनाव का रिजल्ट 3 दिसंबर को आएगा।

सिरोंज विधानसभा सीट

यहां से भाजपा के उम्मीदवार उमाकांत शर्मा मैदान में है, जबकि कांग्रेस ने गगनेंद्र रघुवंशी को मैदान में उतारा है। इसी सीट के लिए अमित शाह चुनावी सभा करेंगे।

चाचौड़ा विधानसभा

अमित शाह चाचौड़ा विधानसभा में भी प्रचार करेंगे। यहां से कांग्रेस के वर्तमान विधायक लक्ष्मण सिंह चुनाव मैदान में है। यह सीट दिग्विजय सिंह के परिवार की है। यहां से आम आदमी पार्टी की ममता मीणा भी मैदान में है। ममता मीणा भाजपा से पूर्व विधायक हैं और हाल ही में टिकट नहीं मिलने पर आम आदमी पार्टी में शामिल हो गई थी। वहीं भाजपा की प्रियंका मीणा चुनाव मैदान में है। अब मुकाबला त्रिकोणीय होने पर यह चुनाव दिलचस्प हो गया है।

राघौगढ़ विधानसभा

दिग्विजय सिंह के प्रभाव वाली सीट में राघौगढ़ भी है। यहां से उनके बेटे जयवर्धन सिंह चुनाव मैदान में है। यहां 1977 से कांग्रेस का कब्जा है। भाजपा ने जयवर्धन सिंह के सामने भाजपा ने हीरेंद्र सिंह बंटी बना को चुनाव मैदान में उतारा है।


चंदेरी विधानसभा

अशोक नगर की चंदेरी विधानसभा सीट सिंधिया के प्रभाव वाले क्षेत्रों में शामिल है। यहां से भाजपा ने जगन्नाथ सिंह रघुवंशी को मैदान में उतारा है। वहीं कांग्रेस के गोपाल सिंह चौहान चुनौती दे रहे हैं। यहां आज अमित शाह चुनाव प्रचार कर रहे हैं।

दतिया विधानसभा

दतिया विधानसभा क्षेत्र में प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा और कांग्रेस के राजेंद्र भारती चौथी बार आमने-सामने है। यहां अमित शाह मां पीताम्बरा पीठ के दर्शन करने के बाद चुनावी सभा करेंगे।

Updated on:
13 Nov 2023 08:56 am
Published on:
13 Nov 2023 08:53 am