भोपाल

Election2019: प्रत्याशी बदलने जा रही भाजपा, मोदी-शाह करेंगे अंतिम फैसला

बगावत का असर: लोकसभा चुनाव 2019 में उम्मीदवारों की तीसरी सूची घोषित करने से पहले, शहडोल और मुरैना के टिकट बदलने पर मंथन, भाजपा में प्रत्याशी बदलने के संकेत

less than 1 minute read
Apr 01, 2019
modi-shah
चुनाव2019: प्रत्याशी बदलने जा रही भाजपा, मोदी-शाह करेंगे अंतिम फैसला

भोपाल. भाजपा दो लोकसभा सीटों पर प्रत्याशी बदलने पर विचार कर रही है। टिकट कटने पर शहडोल सांसद ज्ञान सिंह के निर्दलीय चुनाव लडऩे के ऐलान के बाद हिमाद्री सिंह का टिकट बदलने पर विचार चल रहा है। मुरैना प्रत्याशी नरेंद्र सिंह तोमर को भोपाल से उतारने पर भी संगठन विचार कर रहा है। ज्ञान को मनाने का जिम्मा पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान को सौंपा है। उन्होंने फोन पर चर्चा कर उन्हें निर्दलीय नहीं उतरने के लिए मनाया है।

ज्ञान के पुत्र शिवनारायण सिंह ने मीडिया को बताया कि शिवराज ने भरोसा दिलाया है कि पार्टी शहडोल का टिकट बदलने पर विचार कर रही है। उधर, मुरैना से नरेंद्र सिंह तोमर का नाम घोषित होने के बाद सांसद अनूप मिश्रा ने दिल्ली में डेरा डाल दिया था। वे शनिवार रात ग्वालियर लौटे हैं।

भाजपा में प्रत्याशी बदलने के संकेत

भाजपा भोपाल में कांगे्रस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह के सामने बड़े चेहरे को चुनाव लड़ाना चाहती है। संगठन विचार कर रहा है कि तोमर को यहां से टिकट देकर मुरैना से अनूप को उतारा जाए।

इसके साथ ही ग्वालियर में महापौर विवेक शेजवलकर और पूर्वमंत्री नारायण कुशवाहा के नाम पर विचार चल रहा है। सागर सांसद लक्ष्मीनारायण यादव का टिकट काटने की स्थिति में पार्टी के सामने यादव वोटरों की नाराजगी को साधने का सवाल खड़ा हो गया है। ऐसे में पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह ने सागर से श्वेता यादव का नाम आगे बढ़ाया है। इसका शिवराज ने भी समर्थन किया है।

मोदी-शाह करेंगे फैसला

सूत्रों के मुताबिक अब प्रदेश के उम्मीदवारों के नामों का विचार केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में नहीं किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी अध्यक्ष अमित शाह प्रदेश के नेताओं से मंत्रणा करके बाकी 11 सीटों के नाम घोषित करेंगे। एक-दो दिनों में प्रदेश की तीसरी सूची जारी हो सकती है।

Published on:
01 Apr 2019 09:35 am