
BJP Congress Strategy in MP: उत्तर प्रदेश में तीन माह बाद चुनाव होने वाले हैं, लेकिन भाजपा और कांग्रेस का फोकस मध्यप्रदेश में क्यों बढ़ रहा है, इस बारे में राजनीतिक में क्या चल रहा है, भाजपा और कांग्रेस अपनी-अपनी चौपड़ बिछाने की तैयारी कर रहे हैं। पिछले पिछले दो दशकों से मध्यप्रदेश में भाजपा काबिज है, जिसे हटाने के लिए कांग्रेस जोर मार रही है। विश्लेषक मानते हैं कि देश के केंद्र में होने के कारण आसपास के राज्यों को भी मध्यप्रदेश की राजनीति प्रभावित कर सकती है। इसी बहानें दोनों ही दल अपने संगठन को मजबूत कर लेंगे। इसके बाद 2028 के अंत में होने वाले एमपी चुनाव की तैयारी में जुट जाएंगे।
मध्यप्रदेश के दतिया में कुछ माह पहले उपचुनाव में मिली जीत के बाद से कांग्रेस उत्साहित है। इसके बाद अब बीना उपचुनाव भी संभावित है। क्योंकि कि वहां के कांग्रेस विधायक निर्मला सप्रे ने भाजपा का दामन थाम लिया है। उनके मामले में अभी तक विधानसभा में फैसला नहीं हो पाया है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर को दो माह में फैसला लेने को कहा है। यह वक्त भी करीब आ गया है। जिसके बाद निर्मला सप्रे की सदस्यता जा सकती है। फिर मध्यप्रदेश में उपचुनाव हो सकते हैं। इसमें भी कांग्रेस ने तैयारी शुरू कर दी है, उसका दावा है कि हम इस चुनाव में भी जीत जाएंगे।
कांग्रेस 26 नवंबर को जबलपुर में संविधान दिवस के मौके पर कार्यक्रम करने वाली है। इसे लेकर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ भी अपने कार्यकर्ताओं से अपील कर रहे हैं। मध्यप्रदेश कांग्रेस के कई बड़े नेता जबलपुर में एकत्र हो रहे हैं। कांग्रेस ने इससे पहले राहुल गांधी का बालाघाट दौरा और इंदौर में छात्रों की गूंज कार्यक्रम किया था। इससे कांग्रेस को ऊर्जा मिली है।
यूपी चुनाव से पहले कांग्रेस का बार-बार मध्यप्रदेश की ओर फोकस करने के मायने भी निकाले जा रहे हैं। राजनीतिक विश्लेषक मानते हैं कि दतिया उपचुनाव, वोट चोरी के मुद्दे, बालाघाट में आदिवासी बच्चों की मौतें और छात्रों की गूंज कार्यक्रम के जरिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जो ऊर्जा मिल रही है, भीड़ जुटाने में भी कांग्रेस को सफलता मिल रही है, इसी ऊर्जा को कांग्रेस अगले विधानसभा चुनाव तक बरकरार रखना चाहती है।
भाजपा भी एक के बाद संगठनात्मक नियुक्तियां करती जा रही है। हाल ही में भाजपा ने कई बड़े पदों पर नियुक्तियां की हैं। इसके अलावा संघ ने भी अपने कार्यकर्ताओं के साथ संवाद तेज कर दिया है। भाजपा ने हाल ही में उत्तर प्रदेश के लिए मध्यप्रदेश के बड़े नेताओं को जिम्मा देने की भी तैयारी कर ली है। एमपी के कई नेताओं को उत्तर प्रदेश की कई विधानसभा सीटों को जिताने का जिम्मा भी देने की तैयारी कर ली है। आने वाले दिनों में और भी नियुक्तियों का दौर भाजपा में देखने को मिलेगा, जिन्हें यूपी में भाजपा को तीसरी बार जीत दिलाने का जिम्मा दिया जाएगा।
देश का केंद्र होने के कारण और हिन्दी बेल्ट में होने के कारण भी मध्यप्रदेश आसपास के राज्यों के लिए अहम स्थान रखता है। मध्यप्रदेश की सीमाएं उत्तरप्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान से लगती है, वहीं महाराष्ट्र और गुजरात से भी कनेक्ट होती है। इन राज्यों में बड़ी संख्या में ऐसे लोग हैं जो सीमा के आसपास रहते हैं या नौकरी के लिए राज्यों में आना-जाना करते हैं। इसलिए मध्यप्रदेश की राजनीतिक गतिविधियां आसपास के राज्यों को भी प्रभावित करती है। और यह सभी भाजपा शासित राज्य हैं।
मध्यप्रदेश में बीना विधानसभा सीट पर उपचुनाव की सुगबुगाहट भी तेज हो गई है। यहां से निर्मला सप्रे पर दल बदल का आरोप है। उमंग सिंघार की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने विधानसभा अध्यक्ष को दो माह में फैसला करने के निर्देश दिए थे। 7 दिसंबर से शुरू होने वाली विधानसभा के शीतकालीन सत्र के बाद इस पर फैसला हो जाएगा। निर्मला सप्रे फिलहाल भाजपा के साथ खड़ी दिखाई दे रही हैं, वहीं कांग्रेस अब उन्हें अपने साथ नहीं रखना चाहती है। इसलिए आने वाले दो माह में मध्यप्रदेश के बीना में उपचुनाव हो सकते हैं। फिलहाल निर्मला सप्रे कांग्रेस की विधायक थी, लेकिन वे भाजपा में शामिल हो गई हैं। यदि बीना में उपचुनाव हुए और कांग्रेस ने फिर यह सीट हथिया ली तो यह भाजपा के लिए बड़ा झटका होगा।