मुस्लिम वोटरों को जोडऩे के जुगाड़ में राजनीतिक दल
आलोक पण्ड्या @ भोपाल. विधानसभा चुनाव में भाजपा और कांग्रेस की नजर प्रदेश के सात प्रतिशत मुस्लिम मतदाताओं पर है, लेकिन दोनों दल मुस्लिम दावेदारों को टिकट बांटने में कंजूसी बरत सकते हैं। भाजपा मात्र एक सीट भोपाल उत्तर पर मुस्लिम उम्मीदवार उतार सकती है। वहीं, पिछले चुनाव में चार मुस्लिम उम्मीदवार उतारने वाली कांग्रेस भी इसमें कटौती कर सकती है। हालांकि, दोनों दल अपने-अपने तरीकों से मुस्लिम मतदाओं को लुभाने में जुटे हैं।
प्रदेश में भाजपा मुस्लिम नेताओं को टिकट देने के मामले में हमेशा से कंजूसी बरतती आई है। पिछले पांच विधानसभा चुनावों में सिर्फ दो मुस्लिम उम्मदवारों को मैदान में उतारा गया। पार्टी ने 1993 में छतरपुर सीट से गनी अंसारी को टिकट दिया था और वे कंाग्रेस के दिग्गज सत्यव्रत चतुर्वेदी को हराकर विधानसभा पहुंचे थे।
उसके बाद 1998 और 2008 में भाजपा का एक भी उम्मीदवार मुस्लिम नहीं था। 2003 में उमा भारती ने बुरहानपुर से मोइन अंसार को टिकट तो दिया था, लेकिन वे चुनाव नहीं लड़ पाए थे। 2013 में हुए पिछले चुनाव में भाजपा ने भोपाल उत्तर से पूर्व सांसद आरिफ बैग को कांग्रेस के आरिफ अकील के खिलाफ मैदान में उतारा, लेकिन वे चुनाव हार गए।
इस बार ये हैं टिकट के दावेदार
भाजपा: हिदायतउल्ला शेख-भोपाल उत्तर, सनव्वर पटेल- उज्जैन उत्तर, शौकत मोहम्मद खान-भोपाल उत्तर, राशिद मोहम्मद- भोपाल उत्तर।
कांग्रेस: आरिफ अकील- भोपाल उत्तर, आरिफ मसूद -भोपाल मध्य, नासिर इस्लाम- भोपाल मध्य, साजिद अली- भोपाल मध्य, नूरी खान- उज्जैन उत्तर।
ये रहे मुस्लिम विधायक
1998 पांच मुस्लिम विधायक: सईद अहमद (सतना) कांग्रेस, हाजी गुलाम सिप्तैन (बड़वारा) कांग्रेस, आरिफ अकील (भोपाल उत्तर) कांग्रेस, बदरुद्दीन कुरैशी (भिलाई) कांग्रेस (2000 में छत्तीसगढ में सीट चली गई), मो. अकबर (वीरेंद्र नगर) कांग्रेस ( 2000 में छत्तीसगढ में सीट चली गई)
2003: आरिफ अकील (भोपाल उत्तर) कांग्रेस, हमीद काजी (बुरहानपुर) एनसीपी
2008: आरिफ अकील (भोपाल उत्तर) कांग्रेस
2013: आरिफ अकील (भोपाल उत्तर) कांग्रेस
मुस्लिम बाहुल विधानसभा सीटें: भोपाल उत्तर, भोपाल मध्य, उज्जैन उत्तर, शाजापुर, जबलपुर पूर्व, जावरा, इंदौर-1, बुरहानपुर और सतना।
क्या बोले नेता...
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष सनव्वर पटेल ने कहा कि हम प्रदेश और केंद्र सरकार की अल्पसंख्यक वर्ग को लेकर बनाई गई योजनाओं और किए गए काम को लेकर मुस्लिम मतदाताओं के बीच जा रहे हैं। जिन सीटों पर मुस्लिम वर्ग से गंभीर दावेदार हैं, उनके लिए संगठन से टिकट मांगेंगे।
वहीं कांग्रेस अप्लसंख्यक विभाग के अध्यक्ष मुजीव कुरैशी बोले भाजपा इस बार लोगों को धर्म के नाम पर उकसाकर चुनाव जीतने की तैयारी में हैं। हमने मुस्लिम कार्यकर्ताओं से कहा है कि वे किसी के बहकावे में न आएं। मुस्लिम वर्ग कांग्रेस के साथ है। टिकट की बात स्क्रिनिंग कमेटी में रखेंगे।