Arun Singh- बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव, सांसद एवं आत्म निर्भर संकल्प भारत अभियान के राष्ट्रीय संयोजक अरुण सिंह मंगलवार को भोपाल आए।
Arun Singh- बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव, सांसद एवं आत्म निर्भर संकल्प भारत अभियान के राष्ट्रीय संयोजक अरुण सिंह मंगलवार को भोपाल आए। वे कई बैठकों और कार्यक्रमों में सम्मिलित हुए। प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल व अन्य वरिष्ठ नेताओं से पार्टी संगठन के संबंध में अहम चर्चा की। बीजेपी के प्रदेश कार्यालय में लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में 'सरदार @150 यूनिटी मार्च' अभियान को लेकर आयोजित कार्यशाला को संबोधित किया। बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह प्रदेश कार्यालय में मीडिया से भी रूबरू हुए जहां उन्होंने “हर घर स्वदेशी - घर-घर स्वदेशी” को जन आंदोलन बनाने की बात कही। पत्रकार वार्ता में उन्होंने प्रदेश सरकार और संगठन पर भी अहम टिप्पणियां कीं।
बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव और आत्म निर्भर संकल्प भारत अभियान के राष्ट्रीय संयोजक अरुण सिंह ने कहा कि आज पूरा विश्व अपनी अर्थव्यवस्था और स्थानीय उत्पादों की ओर लौट रहा है। भारत भी इसी दिशा में निर्णायक कदम बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान ही विकसित भारत का वास्तविक मार्ग है।
सांसद अरुण सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में “हर घर स्वदेशी - घर-घर स्वदेशी” को जन आंदोलन बनाने के लिए देशभर में युवा, महिला, व्यापारी एवं विधानसभा सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि लगातार चार सालों से भारत विश्व की सबसे तेज गति से बढ़ती अर्थव्यवस्था है। वैश्विक संस्थाएं भी इसकी प्रशंसा कर रही हैं। भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और जल्द ही जर्मनी को पीछे छोड़कर तीसरे स्थान पर पहुंचेगा।
अरुण सिंह ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों पर दशकों तक इंफ्रास्ट्रक्चर और औद्योगिक विकास की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यूपीए काल में इंफ्रास्ट्रक्चर पर जहां केवल ₹2.5 लाख करोड़ वार्षिक खर्च होता था, वहीं मोदी सरकार में यह राशि ₹12 लाख करोड़ प्रतिवर्ष हो चुकी है।
अनुसंधान और नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार अरबों रुपए खर्च कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने Make in India को आगे बढ़ाकर Make for the World का आह्वान किया। कभी मोबाइल आयात करने वाला भारत आज मोबाइल निर्माण में विश्व में दूसरे और निर्यात में तीसरे स्थान पर है। रक्षा क्षेत्र में अब बुलेटप्रूफ जैकेट से लेकर ब्रह्मोस मिसाइल तक भारत में निर्मित हो रही हैं। सेमीकंडक्टर निर्माण इकाइयां अब भारत में लग रही हैं। जल्द ही पूरा उत्पादन स्वदेश में होने लगेगा। UPI और डिजिटल इंडिया आज विश्व का सबसे बड़ा डिजिटल प्लेटफॉर्म बन चुका है।
बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव ने मध्यप्रदेश सरकार और पार्टी संगठन पर भी अपने विचार व्यक्त किए। प्रदेश की भावांतर योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह किसानों के लिए संजीवनी सिद्ध हो रही है। अरुण सिंह ने इसके लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की प्रशंसा की। उन्होंने प्रदेश के विकास कार्यों का भी उल्लेख किया।
अरुण सिंह ने कहा कि एमपी में 30 लाख करोड़ के निवेश से 23 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार मिलने जा रहा है। सांची ब्रांड को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में ठोस कार्य चल रहा है। महाकाल लोक की तर्ज पर 11 नए सांस्कृतिक लोक केंद्र मध्यप्रदेश की पहचान को और ऊंचा करेंगे।
मध्यप्रदेश में भारत माला, चंबल एक्सप्रेस वे, नर्मदा एक्सप्रेस वे, ओंकारेश्वर फ्लोटिंग सोलर प्लांट तथा भोपाल-इंदौर मेट्रो जैसे प्रोजेक्ट्स तेजी से पूरे हो रहे हैं। इंदौर में 35 मंज़िला स्टार्टअप पार्क, धार में मेगा टेक्सटाइल पार्क तथा बेतवा सिंचाई परियोजना किसानों और युवाओं के भविष्य को नई दिशा दे रहे हैं।
बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने प्रदेश के पार्टी संगठन की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश संगठनात्मक दृष्टि से भारतीय जनता पार्टी का सबसे सक्षम प्रदेश रहा है और आगे भी रहेगा। इस मौके पर प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल भी उपस्थित थे।