
Narottam Mishra : दतिया उप चुनाव में मिली हार के बाद भाजपा में शुरु हुई हलचल अभी भी जारी है। पार्टी के लिए नरोत्तम मिश्रा की भूमिका तय करना बड़ा प्रश्न बन चुका है। इसके लिए भोपाल से लेकर दिल्ली तक मंथन चल रहा है। दतिया विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी प्रत्याशी की हार पर प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा पर भी कई गंभीर आरोप लगे। बीजेपी नेतृत्व के समक्ष उन्होंने न केवल इनका जवाब दिया बल्कि संगठन में स्वयं के लिए कोई उचित दायित्व देने की भी इच्छा व्यक्त की। हालांकि इस पर अभी दिल्ली में ऊहापोह की स्थिति है जिसके कारण कोई निर्णय नहीं लिया जा सका है। इसी गहमागहमी के बीच बीजेपी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा से मिलने पहुंचे। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने भी उनसे मुलाकात की।
बता दें कि दतिया में विधानसभा के लिए उप चुनाव की घोषणा के बाद भाजपा ने संभावित प्रत्याशी माने जा रहे पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा का टिकट काट दिया था। इस पर भारी बवाल हुआ था, यहां तक कि नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों ने जिला भाजपा कार्यालय ही घेर लिया था। सैंकड़ों लोग प्रदर्शन पर उतर आए थे जिन्हें काबू में करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा था।
नरोत्तम मिश्रा बीजेपी के दिग्गज नेता हैं। माना जा रहा है कि अब वे पार्टी में अगली जिम्मेदारी चाहते हैं। सूत्रों के मुताबिक नरोत्तम मिश्रा कई स्तर पर अपनी बात रख चुके हैं। दतिया उप चुनाव में हार पर भी वे खुलकर पार्टी के सामने पक्ष रख चुके हैं।
सूत्रों के मुताबिक नरोत्तम मिश्रा के समर्थन में प्रदेश के कई बड़े नेता लामबंद होने को तैयार हैं। वे भी चाहते हैं कि स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए, ऐसा नहीं करने से सवाल उठ रहे हैं। माना जा रहा है कि मामले में दिल्ली में दुविधा है। पार्टी के प्रदेश नेता वहां से मार्गदर्शन का इंतजार कर रहे हैं।
इस बीच मंगलवार को बीजेपी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा से मुलाकात की। कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी उनसे मिलने पहुंचे। दोनों नेताओं की मुलाकात नरोत्तम मिश्रा के निवास पर हुई। अजय जामवाल और कैलाश विजयवर्गीय यहां अलग-अलग पहुंचे थे। बताया जाता है कि नरोत्तम मिश्रा ने जामवाल को आमंत्रित किया था, जबकि विजयवर्गीय वैसे ही पहुंच गए थे। दतिया उपचुनाव में हार के बाद क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने नरोत्तम मिश्रा से पहली बार यूं मुलाकात की।इस मुलाकात के राजनीतिक गलियारों में कई मायने निकाले जा रहे हैं।