
BJP MP Leaders State Incharge List: बुधवार को भाजपा की तरफ से राज्यों के प्रभारी और सह प्रभारी की सूची जारी की गई है। बिप्लब कुमार देब को मध्यप्रदेश का प्रभारी बनाया गया है तो वहीं रेखा वर्मा को मध्यप्रदेश का सह प्रभारी बनाया गया है। इसके साथ ही लिस्ट में मध्यप्रदेश के चार नेताओं के भी नाम हैं, जिन्हें दूसरे राज्यों में भाजपा ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। मध्यप्रदेश के जिन नेताओं को दूसरे राज्यों में बड़ी दी गई है उनमें कविता पाटीदार, डॉ. अरविंद सिंह भदौरिया, लाल सिंह आर्य और गजेन्द्र सिंह पटेल शामिल हैं।
मध्यप्रदेश से राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार को महिला एवं ओबीसी वर्ग के कारण हाल ही में नितिन नवीन की नई टीम में राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया है। कविता ने जमीनी स्तर की राजनीति से संसद तक का सफर तय किया है। 1974 में इंदौर में जन्मी कविता इंदौर जिला पंचायत की अध्यक्ष रह चुकी हैं। उनका कार्यकाल 30 जू न2022 से 29 जून 2028 तक रहा।
मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री डॉ. अरविंद सिंह भदौरिया को आंध्रप्रदेश का प्रभारी बनाया है। 9 अगस्त 1968 को भिंड में जन्मे अरविंद एमए एलएलबी तक पढ़े हैं। अरविंद अटेर विकासखंड के अंतर्गत ज्ञानपुरा के रहने वाले हैं। 2008 में अरविंद भदौरिया पहली बार विधायक चुने गए थे। शिवराज कैबिनेट में सहकारिता मंत्री भी रह चुके हैं। साधारण परिवार में जन्मे अरविंद भदौरिया ने 2018 में कांग्रेस नेता हेमंत कटारे को 5 हजार वोटों से हराया था। अरविंद 10 सालों तक स्वयं सेवक संघ के प्रचारक रहे और एबीवीपी भिंड के नगर अध्यक्ष भी रहे। अरविंद भदौरिया भाजपा मोर्चा के प्रदेश संगठन मंत्री, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं।
मध्यप्रदेश के भिंड जिले के रहने वाले लाल सिंह आर्य वर्तमान में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और भाजपा एससी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं। लाल सिंह आर्य मुख्य रूप से मध्य प्रदेश की राजनीति में सक्रिय रहे हैं और उन्हें पार्टी के प्रमुख दलित चेहरों में गिना जाता है। वो भिंड जिले की गोहद (अनुसूचित जाति) विधानसभा सीट से 1998 से 2008 और फिर 2013 से 2018 तक विधायक रह चुके हैं और मध्य प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री भी रह चुके हैं, जहां उन्होंने सामान्य प्रशासन, विमानन, और अनुसूचित जाति कल्याण जैसे महत्वपूर्ण विभागों को संभाला है।
मध्यप्रदेश की खरगोन-बड़वानी सीट से वर्तमान में सांसद गजेन्द्र सिंह पटेल को हाल ही में भाजपा का राष्ट्रीय महामंत्री भी बनाया गया था। पार्टी अध्यक्ष की टीम में मिलने के बाद अब गजेन्द्र पटेल को झारखंड का प्रभारी बनाया गया है। गजेन्द्र पटेल खरगोन (एसटी) सीट से लगातार दूसरी बार (2019 और 2024) लोकसभा चुनाव जीतकर सांसद बने हैं। इससे पहले वह मध्य प्रदेश भाजपा अनुसूचित जनजाति (ST) मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। इनके पिता उमराव सिंह पटेल राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रचारक रहे हैं।