
jyotiraditya scindia black flag protest bjp workers clash, ज्योतिरादित्य सिंधिया की पुरानी तस्वीर (Source- Jyotiraditya Scindia facebook Page)
Gwalior Scindia Black Flag Protest: मध्यप्रदेश के ग्वालियर में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को एक कार्यक्रम के दौरान काले झंडे दिखाए जाने के बाद कार्यक्रम में हंगामा हो गया। सोमवार शाम को बेला की बावड़ी क्षेत्र में कुशवाहा छात्रावास के उद्घाटन कार्यक्रम में ज्योतिरादित्य सिंधिया पहुंचे थे और भाषण दे रहे थे, तभी कुछ युवाओं ने काले झंडे दिखाए जिसके बाद हंगामा हो गया। विरोध के बाद कार्यक्रम स्थल पर मौजूद कुछ कार्यकर्ता और प्रदर्शनकारी आपस में भिड़ गए और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई।
बेला की बावड़ी स्थित कुशवाहा छात्रावास के उद्घाटन कार्यक्रम में सिंधिया मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे थे। कार्यक्रम चल रहा था और सिंधिया जैसे ही भाषण देने के लिए मंच पर आए, कुछ लोगों ने काले झंडे दिखाकर विरोध शुरू कर दिया। विरोध के बाद मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं और प्रदर्शन कर रहे लोगों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते धक्का-मुक्की होने लगी। पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर विवाद कर रहे लोगों को अलग किया। इसके बाद कुछ लोगों को थाने ले जाने की जानकारी सामने आई। कार्रवाई से नाराज कुछ कार्यकर्ताओं के भी थाने पहुंचने की बात सामने आई है।
काले झंडे दिखाने और कार्यक्रम स्थल पर हुए हंगामे के कुछ वीडियो भी सामने आए हैं। इन वीडियो में कुछ युवा काले झंडे दिखाते नजर आ रहे हैं। इसके बाद सिंधिया समर्थक व प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की और बहस होती भी दिख रही है। पुलिस पुलिस मामले को संभालते हुए लोगों को अलग-अलग करने की कोशिश करते हुए भी वीडियो में नजर आ रही है। पुलिस के द्वारा कुछ लोगों को हिरासत में लेने की खबरें भी हैं लेकिन उनके खिलाफ कोई प्रकरण दर्ज किया गया है या फिर नहीं इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। स्थानीय स्तर पर इस घटना को सिंधिया और सांसद भरत सिंह कुशवाह के समर्थक गुटों के बीच विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है।
Updated on:
21 Sept 2026 10:31 pm
Published on:
21 Sept 2026 09:54 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
