
मल्टीलेवल कार पार्किंग का निरीक्षण करने पहुंचे सिंधिया (फोटो सोर्स: @JM_Scindia)
Gwalior News : केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया सोमवार को मध्य प्रदेश के ग्वालियर के प्रमुख केंद्र महाराजा बाड़ा में बन रहे मल्टीलेवल कार पार्किंग का निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने परियोजना की प्रगति, निर्माण कार्य की गुणवत्ता तथा विशेष रूप से बेसमेंट-3 में पानी की समस्या और उसकी निकासी की व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट, सामाजिक न्याय एवं उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, विधायक मोहन सिंह राठौर, भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया, कलेक्टर रुचिका चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी, सीईओ स्मार्ट सिटी प्रतीक राव समेत जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के संबंध में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट करते हुए जानकारी दी है। उन्होंने लिखा- 'आज, ग्वालियर के महाराजा बाड़ा में निर्माणाधीन मल्टीलेवल कार पार्किंग (MLCP) का जायजा लिया और परियोजना की प्रगति की जानकारी ली। लगभग 77 करोड़ रुपए की लागत से विकसित की जा रही इस परियोजना में 430 वाहनों के लिए पार्किंग की सुविधा होगी।'
उन्होंने आगे लिखा कि, 'इससे महाराजा बाड़ा जैसे व्यस्त एवं प्रमुख बाजार क्षेत्र में सड़क किनारे होने वाली पार्किंग को व्यवस्थित करने और यातायात के सुचारु संचालन में मदद मिलेगी। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित ये परियोजना ग्वालियर के शहरी विकास को नई दिशा देने वाले प्रयासों में एक महत्वपूर्ण कदम है।'
इस दौरान मीडिया से बात करते हुए कैंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि, हमने मल्टी-लेवल पार्किंग का निरीक्षण किया है। काम लगातार चल रहा है। उम्मीद है कि, ये फरवरी-मार्च तक पूरा कर लिया जाएगा। हालांकि, मुख्य बात बेसमेंट में पानी भरने की है। इसके लिए हमें पूरी सावधानी के साथ फैसला लेना होगा। प्रशासन और निर्माण कंपनी को मिलकर फैसला लेने की जरूरत है। इस संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।
Updated on:
21 Sept 2026 07:25 pm
Published on:
21 Sept 2026 06:17 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
