
विकास वर्मा ( भोपाल)। मेरा मानना है इतिहास के साथ छेड़छाड़ का हक किसी को नहीं है जोकि भंसाली साहब पर लोगों ने आरोप लगाए थे। लेकिन बगैर फिल्म देखे इतना बड़ा रिएक्शन पूरी तरह अनुचित है। इस मामले में सरकार को सख्ती से निपटने की जरूरत है जो फिलहाल कहीं नजर नहीं आ रहा है। यह कहना है बॉलीवुड एक्टर गोविंद नामदेव का। पत्रिका प्लस से हुई विशेष बातचीत में नामदेव ने कहा कि हाल ही में जिन प्रतिनिधियों ने पद्मावत देखी और बाहर आकर कहा कि फिल्म में ऐसा कुछ भी नहीं है जिसका विरोध हो, आखिर यह सब पहले क्यों नहीं हो पाया। दरअसल, कुछ नेगेटिव एलीमेंट हैं जो अपनी राजनैतिक रोटियां सेंकने के लिए इस तरह की चीजों को भड़काते रहे हैं। बस जला दी गई, तोड़- फोड़ हुई लेकिन सरकार की चुप्पी ने उनके हौंसले बुलंद किए।
नामदेव का कहना है कि ऐसा चलता रहा तो आने वाले समय में आर्ट फिल्मों पर भूचाल सा आ जाएगा। कुछ समय बाद इतनी अनिश्चितता पैदा हो जाएगी कि एक एक्टर, डायरेक्टर को यह सोचना पड़ेगा कि फलां फिल्म या नाटक करें की नहीं। और ऐसा हुआ तो क्रिएटिविटी की फ्रीडम तो पूरी तरह से खत्म हो जाएगी। लोगों में यह शक पैदा हो गया है और इसके निवारण के लिए जरूरी है कि सरकार ऐसे लोगों के खिलाफ सख्ती बरते नहीं तो आने वाले समय में बहुत बड़ी दिक्कत हो जाएगी।
इस साल बैक टू बैक चार मूवीज
गोविंद नामदेव ने बताया कि दिसम्बर में 'शादी में जरूर आना' मूवी के बाद मेरी इस साल मार्च-अप्रैल में दो मूवीज रिलीज होने जा रही हैं। एक मूवी सोलर एक्लिप्स है जो हॉलीवुड-बॉलीवुड का कम्बाइंड प्रोजेक्ट है। इसमें 60 प्रतिशत आर्टिस्ट व टेक्नीशियन हॉलीवुड से हैं जबकि बाकी इंडिया से हैं। इसका सीक्वेंस श्रीलंका में शूट किया है। यह फिल्म डब नहीं है बल्कि हिन्दी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में शूट की गई है। गांधी जी की हत्या के दौरान की कहानी वाली इस फिल्म में मैं मोरारजी देसाई का किरदार कर रहा हूं। इसके बाद स्विटजरलैंड में शूट हुई मर्डर मिस्ट्री 'कमिंग बैक डार्लिंग' आने को तैयार है। इसमें मैं कॉप के किरदार में हूं जो इस मिस्ट्री को सुलझाता है। मई में 'काशी इन सर्च ऑफ गंगा' मूवी आएगी। जिसमें मैं नेगेटिव किरदार में हूं। वहीं अगस्त में 'जंक्शन वाराणसी' मूवी है जिसमें मैं हाईली पॉजिटिव कैरेक्टर में हूं।
भोपाल में खोलेंगे एक्टिंग इंस्टीट्यूट
बातचीत के दौरान नामदेव ने बताया कि एमपी मेरा गृह प्रदेश है तो मेरी सारी फ्यूचर एक्टिविटी यहीं होगी। मैंने भोपाल में ही जमीन ले ली है जल्द ही वहां एक एक्टिंग इंस्टीट्यूट खोलने की तैयारी है। जहां थिएटर और बॉलीवुड एक्टिंग की ट्रेनिंग दी जाएगी।