BSP की सातवीं सूची जारी, 5 उम्मीदवारों के नामों का किया गया ऐलान।
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 के लिए सभी राजनीतिक दल प्रदेश की विधानसभा सीटों पर अपने अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर रहे हैं। इसी कड़ी में आम आदमी पार्टी द्वारा अपनी तीसरी लिस्ट के जरिए 30 सीटों पर प्रत्यशी घोषित करने के कुछ देर बाद ही बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने अपने प्रत्याशियों की सातवीं सूची जारी कर दी है। इस सूची के जरिए बसपा ने अपने 5 प्रत्याशी घोषित किए हैं। इसमें मुगावली, चंदेरी, हटा, हरसूद और त्यौंथर विधानसभा सीट पर प्रत्याशियों का ऐलान किया गया है।
आपको बता दे कि, बसपा की इस सूची में शनिवार को जिन पांच प्रत्याशियों की घोषणा की है उनमें अशोकनगर की मुंगावली विधानसभा सीट से मोहन सिंह यादव को प्रत्याशी बनाया गया है। इसके अलावा अशोक नगर की ही चंदेरी विधानसभा सीट से वीरेंद्र सिंह यादव, दमोह जिले की हटा विधानसभा सीट से भगवान दास चौधरी को उम्मीदवार घोषित किया है, खंडवा जिले की हरसूद विधानसभा सीट से विजय सिंह उईकें को उतारा है और रीवा जिले की त्योंथर विधानसभा सीट से देवेंद्र सिंह को टिकट दिया गया है।
बसपा की सातवीं लिस्ट में 5 उम्मीदवार
गौरतलब है कि, मध्य प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों में से बसपा अपनी छह लिस्टों के जरिए पहले ही 106 प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर चुकी थी। अब सातवीं लिस्ट के जरिए पांच और उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया गया है। इस तरह बसपा ने अबतक कुल 111 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। हालांकि, अब भी 119 सीटों पर प्रत्याशियों के नामों का ऐलान करना बाकी है।