Wheat Price- 2026 के लिए गेहूं का समर्थन मूल्य 2585 रुपए तय किया जबकि पिछले साल गेहूं की एमएसपी 2425 रुपए प्रति क्विंटल थी
Wheat Price- मध्यप्रदेश में किसानों को सरकार ने एक और सौगात दी है। राज्य केबिनेट ने गेहूं का समर्थन मूल्य घोषित कर दिया है। पिछले साल की तुलना में इसमें बढ़ोत्तरी की गई है। मंत्रालय में आयोजित कैबिनेट बैठक में इसकी घोषणा की गई। प्रदेश के MSME मंत्री चैतन्य काश्यप ने केबिनेट बैठक में हुए फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि राज्य सरकार ने गेहूं का समर्थन मूल्य 2585 रुपए प्रति क्विंटल तय किया है। 2025 में गेहूं का समर्थन मूल्य 2425 रुपए प्रति क्विंटल था। इससे पहले सीएम डॉ. मोहन यादव ने मंत्रि परिषद को बताया कि प्रदेश में गेहूं के उपार्जन के लिए पंजीयन 7 फरवरी से शुरू किया जा चुका है जोकि 7 मार्च तक चलेगा।
मंत्रि परिषद की बैठक में 2026-27 के आम बजट पर भी चर्चा हुई। राज्य सरकार के तीसरे अनुपूरक बजट पर भी विमर्श हुआ। वित्त विभाग ने कैबिनेट सदस्योें के सामने प्रजेंटेशन दिया।
MSME मंत्री चैतन्य काश्यप ने बताया कि राज्य सरकार ने निर्णय लिया है कि इस साल 2585 रुपए प्रति क्विंटल की दर से गेहूं खरीदा जाएगा। उन्होंने बताया कि कैबिनेट की अगली बैठक बालाघाट में होगी जोकि कृषि को समर्पित रहेगी।
एमपी में वर्ष 2025 में गेहूं का समर्थन मूल्य 2425 रुपए प्रति क्विंटल था। राज्य सरकार ने इसमें 175 रुपए का बोनस मिलाकर कुल 2600 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से गेहूं खरीदा था। इस बार यानि 2026 के लिए गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रुपए प्रति क्विंटल तय किया गया है। प्रदेश में गेहूं की समर्थन मूल्य पर खरीदी के लिए रजिस्ट्रेशन 7 फरवरी से शुरु हो चुके हैं।
मंत्रिपरिषद की बैठक से पहले सीएम डॉ. मोहन यादव ने बताया गेहूं के उपार्जन के लिए प्रदेशभर में इस बार 3186 पंजीयन केंद्र बनाए गए हैं। गेहूं का समर्थन मूल्य गत वर्ष की तुलना में 160 रुपए अधिक रखा गया है। इस प्रकार गेहूं के समर्थन मूल्य में सरकार ने बढ़ोत्तरी की है।