केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई के कार्यवाहक निदेशक राकेश अस्थाना मप्र के चर्चित व्यापमं घोटाले जांच की धीमी रफ्तार पर अधिकारियों को फटकार लगाई है। मंगलवार को भोपाल आए अस्थाना ने जांच टीमों से सीबीआई की साख को ध्यान में रखकर विवेचना के निर्देश दिए। एक-एक जांच टीम के प्रभारी से जांच की प्रगति की रिपोर्ट ली। व्यापमं महाघोटाले की जांच लगभग अंतिम चरण में है। कारण, सीबीआई भी अब इस जांच को जल्दी पूरा करना चाहती है। अस्थाना ने अफसरों के साथ बैठक में निर्देश दिए हैं कि व्यापमं घोटाले की जांच अगले तीन महीने में खत्म कर सभी मामलों में चार्जशीट पेश की जाए।
अस्थाना ने देर शाम तक एक-एक मामले की समीक्षा की। सुबह चार इमली स्थित सीबीआई दफ्तर पहुंचने पर उनको गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद कतारबद्ध खड़े अफसरों और कर्मचारियों से उनका परिचय हुआ। सूत्र बताते हैं कि सीबीआई डायरेक्टर ने कहा है कि इस मामले की जांच में तेजी लाई जाए। इस पर पूरे देश की निगाह टिकी हुई हैं और कई हाईप्रोफाइल लोग लिप्त हैं। उप्र और बिहार के फरार आरोपियों की गिरफ्तारी में आ रही दिक्कत पर अस्थाना ने कहा कि इसमें स्थानीय ईकाई की मदद ली जाए।
अस्थाना ने हाई प्रोफाइल मामलों की विस्तार से समीक्षा की और जांच अधिकारी से हर बिंदु पर सवाल-जवाब किए। साथ ही जांच में छूट रहे महत्वपूर्ण तथ्यों की तरफ ध्यान दिलाया। अधिकारियों ने उन्हें जांच प्रगति और कोर्ट में पेश किए गए चालानों की जानकारी दी। उन्हें यह भी बताया गया कि सीबीआई के हाथ में जांच आने के बाद एसटीएफ के हाथ नहीं लगे फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है।