
भोपाल. आज के दौर में जहां हर कोई अधिक से अधिक पैसा कमाने में लगा है।, वहीं कुछ लोग ऐसे भी हैं, जिनके लिए पैसे से ज्यादा मानवता की अहमियत होती है। जमीन पर भगवान का रूप कहे जाने वाले कई डॉक्टर भी आज के दौर में पैसे को महत्व देने लगे हैं, पर इन्ही के बीच कुछ ऐसे भी डॉक्टर मौजूद हैं, जो मरीजों को मुफ्त में इलाज देकर आज भी मरीजों के लिए भगवान का स्वरूप बने हुए हैं। आज हम आपको एक ऐसे ही डॉक्टर के बारे में बताने जा रहे हैं। जिन्होंने छोटी सी उम्र में कई हजार मरीजों को मुफ्त इलाज देकर न केवल उनकी जिंदगी बदल दी बल्कि डॉक्टरी के पेशे की मिसाल भी पेश की। नेशनल डॉक्टर्स डे के मौके पर रविवार के दिन इंटरनेशनल ख्याति प्राप्त योग और नेचुरोपैथी के एक्सपर्ट डॉॅ. अम्बर पारे से बात की गई। जो इस प्रोफेशन का सार्थक बनाने का काम कर रहे हैं।
35000 लोगों का निशुल्क इलाज कर बनाया वल्र्ड रिकार्ड
डॉक्टर अंबर पारे इंटरनेशनल ख्याति प्राप्त योग और नेचुरोपैथी के एक्सपर्ट हैं। इन्हें हाल ही में वल्र्ड बुक ऑफ रिकॉड्र्स लंदन द्वारा सम्मानित किया गया है। डॉ. पारे ने 250 से अधिक नेचुरोपैथी एवं योग के ट्रीटमेंट कैंप लगाए हैं। जिसमें 35000 से ज्यादा लोगों का नि:शुल्क ट्रीटमेंट किया है। डॉ. पारे ने बताया कि कई बार ऐसा होता है कि कुछ लोग ऐसे आते है जो इलाज का पैसा नहीं दे सकते है। पर, जो पैसा लगना जरूरी है उसके लिए मैं किसी एनजीओ या अन्य किसी समाज सेवी संस्था की मदद लेता हूं। जिससे संबंधित व्यक्ति का इलाज हो सके।
मॉर्डन योग से सेहतमंद रहने की कवायद
डॉ. पारे ने बताया कि उनकी टीम द्वारा अनूठा प्रयास किया गया है, जिसे हमने मॉर्डन योग का नाम दिया है। इसका नाम मॉर्डन योग इसलिए है, क्योंकि आजकल के बिजी शेड्यूल में बच्चों के लिए रुटीन फॉलो करना मुश्किल होता है। ऐसे हम संडे टू संडे योग क्लासेस लगाते है। साथ ही उन्हें कुछ टास्क भी देते हैं। इस मॉर्डन योग क्लास की खास बात यह है कि इसमें हम बच्चों को गुड और बैड टच के साथ यह भी बताते है कि कौन व्यक्ति आपको किस नजर से देख रहा है, उसका अंदाजा लगाकर आप अपने घर वालों को इसकी जानकारी दे सकते हैं। यह सिर्फ लडकियों के लिए ही नहीं, लड़के के लिए भी है।
ड्रिग्री पूरी होने से पहले ही शुरू कर दिया था कैंप लगाना
डॉ. पारे अपने इस प्रोफेशन में रहकर समाज के लिए कुछ बेहतर करना चाहते थे। इसलिए उन्होंने अपनी ड्रिग्री पूरी होने से पहले ही समाज के लिए काम करना शुरू कर दिया। वे लगभग चार साल से कैंप लगाकर लोगों को फ्री इलाज देने का काम कर रहे हैं। उनका कहना है कि वे आगे भी इसी तरह समाज के लिए काम करेंगे।