भोपाल

lok sabha elections 2024: कांग्रेस ने लगाए घोटाले के आरोप, भाजपा बोली- इस बार पनौतियों से है चुनाव

सरकार के कामकाज को लेकर पूर्व सीएम का आरोप, पूर्व मंत्री ने कहा- इस बार चुनाव चुनौतियों से नहीं पनौतियों से है

2 min read
Apr 05, 2024
election_campaign.png

मध्यप्रदेश में लोकसभा चुनाव 2024 का शोर तेज हो गया है। भाजपा और कांग्रेस फील्ड में उतर चुके हैं और अब जनता के सामने वादों के साथ ही एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप के दौर भी तेज हो गए हैं। पूर्व सीएम कमलनाथ ने छिंदवाड़ा के बिछुआ ब्लॉक के ग्राम खमारपानी व गुमतरा में जनसभा को संबोधित किया। गुरुवार को उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की योजनाएं और परियोजनाएं घोषणाओं तक या कागजों में सिमटकर रह जाती हैं। किसी योजना का क्रियान्वयन हुआ भी तो घोटाले या भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाती है।

महाकाल लोक निर्माण में घोटाला, पटवारी भर्ती घोटाला, नर्सिंग घोटाला सहित योजनाओं और परियोजनाओं में भ्रष्टाचार हो रहा है। इसका खुलासा भी हो रहा है। प्रदेश में तीन करोड़ युवा बेरोजगार हैं। इनमें से 1.20 करोड़ युवा ई-श्रम पर पंजीकृत हैं, जो 8-10 हजार रुपए वेतन पर कार्य करने को मजबूर हैं।

तो गिरा दी सरकार

नाथ ने कहा कि मैंने 15 माह की सरकार में 27 लाख और जिले के 80 हजार किसानों का कर्ज माफ किया। भाजपा को यह रास नहीं आया और उन्होंने सरकार गिरा दी। नाथ ने कहा, अन्नदाता को 20 साल से आय दोगुनी करने का सपना दिखाया जा रहा है, लेकिन वास्तविक स्थिति सभी के सामने है। किसान बिचौलियों का शिकार हो रहे हैं। उन्हें उपज उचित मूल्य प्राप्त नहीं हो रहा है।

ग्वालियर में पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा का विधानसभा चुनाव में हार का दर्द सामने आ गया। चुनाव कार्यालय के उद्घाटन पर उन्होंने कार्यकर्ताओं को नसीहत दी कि अति आत्मविश्वास में न रहें। इसका सबसे बड़ा उदाहरण मैं स्वयं हूं, जो विधानसभा चुनाव हार गया। इस बार लोकसभा चुनाव चुनौतियों से नहीं है, बल्कि पनौतियों से हैं। कांग्रेस पर कटाक्ष उन्होंने कहा, कांग्रेस में भगदड़ मची है और पके-पकाए कार्यकर्ता पार्टी छोड़ रहे हैं। कांग्रेस को डीहाइड्रेशन हो गया है। राहुल गांधी यदि भगदड़ का मजा लेना चाहें तो तो एक दिन मध्यप्रदेश में बिताएं।

पहली पंक्ति में रखा

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा, इतिहास देखें तो मानसिंह तोमर, तानसेन, माधौ महाराज, वाजपेयीजी, राजमाता सिंधिया ने सदैव ग्वालियर को पहली पंक्ति में रखा। सिंधिया ने कहा, भाजपा के कार्यकर्ताओं को होश और जोश दिखाना होगा, तभी हम कांग्रेस को विधानसभा चुनाव की तरह बेहोश कर देंगे। आयोजन में प्रत्याशी भारत सिंह कुशवाह, विवेक नारायण शेजवलकर, लाल सिंह आर्य मौजूद थे।

Updated on:
05 Apr 2024 08:53 am
Published on:
05 Apr 2024 07:25 am