भोपाल

भोपाल के न्यू मार्केट में छोले भटूरे की दुकान में लगी आग 5 दुकानों तक फैली, करोड़ों का नुकसान

Chhole Bhature Shop Fire : भोपाल के फेमस छोटे भटूरे की दुकान में भीषण आग लग गई। आग लगने के बाद इलाके में अफरा तफरी का माहौल बन गया।
2 min read
Chhole Bhature Shop Fire
आग लगने के बाद मची अफरा तफरी (फोटो सोर्स: Patrika)

Bhopal News :मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के भीड़ भाड़ वाले इलाकों में से एक न्यू मार्केट में स्थित छोले भटूरे की दुकान में गुरुवार को भीषण आग लगने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि, देखते ही देखते ये आग इतनी तेजी से फैली कि, इसने आसपास की करीब 5 से 6 दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया है। क्योंकि, ये घटना शहर के बेहद भीड़भाड़ वाले इलाके में घटी है, जिसके चलते काफी देर तक आसपास अफरा तफरी फैल गई। फिलहाल आग पर काबू पाए जाने के बाद जांच में नुकसान का सही आकलन किया जा सकेगा, पर शुरुआती तौर पर ही स्थानीय दुकानदार करोड़ों का नुकसान होने का अनुमान जता रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो आग की भीषणता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि, आग लगने के कुछ ही देर के भीतर 30 फीट ऊपर तक आग की लपटें जा रही थीं, जो लगातार ऊपर स्थित अन्य चीजों को अपनी चपेट में ले रही थीं। वहीं, आगा का धुआं दो किलोमीटर दूर एमपी नगर से भी आसमान में साफ दिखाई दिया। आग इतनी तेजी से फैली की जबतक दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची, तबतक आसपास की पांच से ज्यादा दुकानों को आग अपनी चपेट में ले चुकी थी। फिलहाल, लगातार मौके पर दमकल वाहन पहुंच रहे हैं, जो आग बुझाने के प्रयास कर रहे हैं।

कड़ाही से उठा आग का गुबार और फिर…

मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि, दोपहर में दुकान पर ग्राहकों की भीड़ मौजूद थी। इसी के चलते ग्राहकों के लिए भटूरे तले जा रहे थे। इसी दौरान कड़ाही से अचानक आग का गुबार उठा, जिसने ऊपर स्थित चीजों को चपेट में ले लिया, जिसके चलते एकाएक आग भड़क गई। आनन फानन में दुकान के कर्मचारियों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी तेजी से फैलीं, जिसने किसी को समझने का मौका ही नहीं दिया। दुकान में लगे पर्दों के आग पकड़ते ही उसने विकराल रूप दारण कर लिया।

काफी मशक्कत के बाद पहुंची फायर ब्रिगेड

आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचने के लिए रवाना हो गईं। लेकिन, हनुमान मंदिर के समीप इस गली तक पहुंचने में दमकल वाहनों को काफी मशक्कतों का सामना करना पड़ा। इलाके में लोगों की भीड़ के साथ - साथ, रास्ते के बीचों बीचे रेड़ी लगाए लोग और आसपास की दुकानों के अतिक्रमण के कारण दमकल गाड़ियों को अंदर तक पहुंचने में काफी जद्दोजहद करनी पड़ी और इसी का खामियाजा ये रहा कि, जबतक फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची तबतक 5 से 6 दुकानें आग की चपेट में आ चुकी थीं।

Updated on:
08 Oct 2026 04:34 pm
Published on:
08 Oct 2026 03:31 pm