भोपाल

किसान की शिकायत पर एक्शन में आए सीएम कमलनाथ, कहा – ऐसी घटनाएं बर्दाश्त नहीं…

किसान की शिकायत पर एक्शन में आए सीएम कमलनाथ, कहा - क्यों पीड़ित किसान की सुनवाई नहीं हुई ? क्या किसान का बिजली का बिल अधिक आया ? क्या उसे जानबूझकर परेशान किया गया ? इन सारे बिंदुओं पर जांच की जाए।

less than 1 minute read
Mar 24, 2019
किसान की शिकायत पर एक्शन में आए सीएम कमलनाथ, कहा - ऐसी घटनाएं बर्दाश्त नहीं...

भोपाल. बिजली कनेक्शन कटने से दुखी किसान के जहरीला पदार्थ पीने की घटना को मुख्यमंत्री ने गंभीरता से लेते हुए, जांच के निर्देश दिए हैं। सीएम कमलनाथ ने कहा जिम्मेदार अधिकारी अधिक बिजली बिल संबंधी शिकायतों को गंभीरता से लें। प्रदेश में ऐसी घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जाएगी, दोषियों पर कार्यवाही होगी।

मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ग्राम बेहटा निवासी किसान अवध नारायण सिसोदिया द्वारा बीते शनिवार को बिजली कनेक्शन कटने को लेकर जहरीला पदार्थ खाने की घटना को गंभीरता से लेते हुए भोपाल के ज़िलाधीश को इस पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए है।

उन्होंने कहा इस पूरे मामले की जांच हो। क्यों पीड़ित किसान की सुनवाई नहीं हुई ? क्या किसान का बिजली का बिल अधिक आया ? क्या उसे जानबूझकर परेशान किया गया ? इन सारे बिंदुओं पर जांच की जाए। इस मामले में जो भी अधिकारी दोषी हो या किसी भी अधिकारी की लापरवाही सामने आए तो उस पर कड़ी कार्रवाई की जाए।

साथ ही मुख्यमंत्री कमलनाथ ने विद्युत विभाग के प्रमुख सचिव को निर्देश देते हुए कहा कि प्रदेश भर में कहीं भी किसी भी आम नागरिक व किसान की अधिक बिजली बिल संबंधी कोई भी शिकायत हो तो तत्काल उस का निराकरण किया जावे।किसी भी आम नागरिक व किसान भाईयो को अधिक बिजली बिल संबंधी शिकायतों को लेकर बिजली विभाग के कार्यालयों के चक्कर ना लगाना पड़े ,परेशान ना होना पड़े। यह ध्यान में रखें।
इस तरह की शिकायतों को गंभीरता से लिया जावे।

Published on:
24 Mar 2019 12:31 pm
Also Read
View All