भोपाल

SIR पर सीएम मोहन यादव का बड़ा बयान, हर वोट जरूरी-भ्रम या अफवाहों पर न दें ध्यान

CM Mohan Yadav : सीएम ने कहा: लोकतंत्र की मजबूती में हर जागरूक मतदाता की भागीदारी जरूरी है, सोशल मीडिया पर की अपील, मतदाता सूची अद्यतन करने की आवश्यकता जताई
2 min read
• •
Oct 05, 2026
सीएम मोहन यादव
सीएम मोहन यादव- image- X @DrMohanYadav51

CM Mohan Yadav : मध्यप्रदेश में SIR पर बीजेपी हमलावर रुख अपनाए हुए है। सत्ता और संगठन के सभी वरिष्ठ नेता एक स्वर में इसकी वकालत करते हुए चुनाव आयोग का बचाव कर रहे हैं। पिछले सप्ताह सीएम मोहन यादव और प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने इस मुद्दे पर प्रेस वार्ता भी ली थी। दोनों नेताओं ने मामले में कांग्रेस को घेरा था। अब सीएम मोहन यादव का SIR पर एक और बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा है कि लोकतंत्र की मजबूती में हर जागरूक मतदाता की भागीदारी जरूरी है। सीएम मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर SIR के संबंध में भ्रम या अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की। उन्होंने चुनाव आयोग का बचाव करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का अद्यतन, पारदर्शी और विश्वसनीय होना भी जरूरी है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भोपाल में प्रेस कॉन्फ्रेंस में Special Intensive Revision (SIR) और चुनाव आयोग पर कांग्रेस तथा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के रुख पर कड़ा हमला कर चुके हैं। उन्होंने कांग्रेस पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए राहुल गांधी से माफी मांगने की भी बात कही थी।

SIR पर सीएम मोहन यादव ने एक बार फिर बयान जारी किया है। उन्होंने कहा किलोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची भी अद्यतन, पारदर्शी और विश्वसनीय होना जरूरी है। सीएम मोहन यादव ने भारत निर्वाचन आयोग का बचाव करते हुए कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है जिसमें मतदाता सूची का सत्यापन किया जा रहा है।

भ्रम या अफवाहों पर ध्यान नहीं दें

मुख्यमंत्री ने लोगों से कहा है कि SIR को लेकर किसी भी तरह के भ्रम या अफवाहों पर ध्यान नहीं दें। उन्होंने बताया कि Form 6 और Declaration सहित पूरी प्रक्रिया निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित है। सीएम मोहन यादव ने सलाह देते हुए कहा कि सही जानकारी के लिए सिर्फ निर्वाचन आयोग की आधिकारिक जानकारी और निर्धारित प्रक्रिया पर ही विश्वास करें।

मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की भी अपील

वोटिंग का महत्व समझाते हुए सीएम मोहन यादव ने युवाओं से मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने की भी अपील की। उन्होंने 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके सभी युवाओं से अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य दर्ज कराने का आग्रह किया। प्रत्येक नागरिक से अपने नाम की पुष्टि करने की भी बात कही। सीएम मोहन यादव ने लोकतंत्र के लिए अपनी जिम्मेदारी निभाने और एक विश्वसनीय मतदाता सूची के निर्माण में सहभागी बनने का आग्रह किया।

Updated on:
05 Oct 2026 03:13 pm
Published on:
05 Oct 2026 02:41 pm