
CM Mohan Yadav - रूपेश मिश्रा भोपाल. जेन-जी के बीच सोशल मीडिया की बढ़ती लोकप्रियता के बाद भाजपा ने युवाओं तक पहुंच बनाने के लिए इंस्टाग्राम पर फोकस बढ़ाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी जेन-जी से जुड़े मुद्दों पर वीडियो के जरिए अपनी बात रख रहे हैं। भाजपा संगठन ने भी नेताओं को इंस्टाग्राम पर सक्रिय रहने और युवाओं से संवाद बढ़ाने पर जोर दिया है। ताकि जेन-जी मतदाताओं के बीच पार्टी की पकड़ मजबूत की जा सके। बता दें, जेन-जी के बीच इंस्टाग्राम सबसे लोकप्रिय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म है। लिहाजा पत्रिका टीम ने सीएम सहित सरकार के सभी कैबिनेट मंत्रियों के इंस्टाग्राम एकाउंट की पड़ताल की। इस सामने आया कि कुछ मंत्रियों को छोड़ दिया जाए तो ज्यादातर मंत्रियों की स्थिति ठीक नहीं है। उनके एकाउंट में परंपरागत कटेंट साझा किया जा रहा है। इधर सीएम मोहन यादव जेन Z में सबसे ज्यादा लोकप्रिय हैं। उनके इंस्टाग्राम पर 20 लाख फॉलोअर्स हैं। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी सोशल मीडिया में उनके ठीक पीछे हैं।
युवाओं तक पहुंच का नया जरिया इंस्टाग्राम अब सिर्फ नेताओं की तस्वीरें और कार्यक्रम साझा करने का माध्यम नहीं रह गया है। रील्स, शॉर्ट वीडियो और लाइव संवाद के जरिए नेता सीधे युवाओं तक पहुंच बना रहे हैं। जेन-जी के बीच इंस्टाग्राम की मजबूत पकड़ को देखते हुए यह प्लेटफॉर्म अहम होता जा रहा है।
बता दें भाजपा- कांग्रेस दोनों ही दलों पर इंस्टाग्राम में सक्रियता बढ़ा दी है। कांग्रेस नेता भी युवाओं को साधने में जुटे हुए हैं। कांग्रेस खेमे में इंस्टाग्राम में सबसे ज्यादा फॉलोअर्स प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के हैं। उन्हें 8.86 लाख युवा फॉलो कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इंस्टाग्राम पर प्रदेश के सभी मंत्रियों से काफी आगे हैं। उनके अकाउंट पर 20 लाख फॉलोअर्स हैं। कैबिनेट मंत्रियों में कैलाश विजयवर्गीय 7.44 लाख फॉलोअर्स के साथ सबसे आगे हैं। इसके बाद विश्वास सारंग के 3.84 लाख, प्रहलाद पटेल के 1.77 लाख और डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला के 1.55 लाख फॉलोअर्स हैं। यानी मुख्यमंत्री के अकेले फॉलोअर्स की संख्या सबसे ज्यादा फॉलोअर्स वाले पांच कैबिनेट मंत्रियों के कुल से भी ज्यादा है। वहीं पांच मंत्री ऐसे भी हैं जिनके फॉलोअर्स 20 हजार या उससे भी कम है। इनमें विजय शाह, नारायण सिंह कुशवाह, निर्मला भूरिया, करण सिंह वर्मा और चैतन्य कश्यप का नाम शामिल है।
डॉ. मोहन यादव मुख्यमंत्री 20 लाख
कैलाश विजयवर्गीय कैबिनेट मंत्री 7.44 लाख
विश्वास सारंग कैबिनेट मंत्री 3.84 लाख
प्रहलाद पटेल कैबिनेट मंत्री 1.77 लाख
राजेंद्र शुक्ला डिप्टी सीएम 1.55 लाख
कांग्रेसियों की यह स्थिति
जीतू पटवारी प्रदेशाध्यक्ष 8.86 लाख
कमलनाथ पूर्व सीएम 3.67 लाख
उमंग सिंघार नेता प्रतिपक्ष 3.15 लाख
दिग्विजय सिंह पूर्व सीएम 1.59 लाख
विजय शाह कैबिनेट मंत्री 4395
नारायण सिंह कुशवाह कैबिनेट मंत्री 9581
निर्मला भूरिया कैबिनेट मंत्री 13003
करण सिंह वर्मा कैबिनेट मंत्री 18008
चैतन्य कश्यप कैबिनेट मंत्री 20000