
CM Youth Conclave 2026: भोपाल के लाल परेड मैदान पर मंगलवार को सीएम यूथ कान्क्लेव 2026 का आयोजन किया जा रहा है। इस बीच कार्यक्रम में सीएम के सामने एक रोबोट आ गया, उसने सीएम मोहन यादव से हाथ मिलाया और उनके साथ कदम ताल कर चलने भी लगाया। सीएम और रोबोट की कदमताल का यह नजारा चर्चा का विषय बना हुआ है। इस मौके पर जाने माने सिंगर जुबिन नौटियाल भी साथ थे। वे इसी कार्यक्रम में गीतों की प्रस्तुति देने भोपाल आए हैं।
सीएम मोहन यादव ने इस मौके पर युवाओं से सीधा संवाद किया। मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में शासन प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। उनके नेतृत्व में युवाओं के सपनों को नई उड़ान और अवसर मिल रहे हैं। यह बदलते दौर का नया भारत है। हमारी क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स में पाकिस्तान को हराकर स्वर्ण पदक हासिल किया है। वहीं, एशियाड गेम्स में मध्यप्रदेश के युवा खिलाड़ियों ने पांच स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया है। देश का मान बढ़ाने वाले सभी युवा खिलाड़ियों को मैं हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं।
सीएम मोहन यादव ने कहा कि हमें गर्व है कि हमारा मध्यप्रदेश सबसे युवा प्रदेश है, यहां बेरोजगारी की दर भी सबसे कम है। अलग-अलग शासकीय पदों पर 85 हजार युवाओं को शासकीय नौकरी मिली है। अगले वर्ष युवा वर्ष में हम वर्ष में 2 बार पीएससी कराएंगे। अगले वर्ष 12 मेडिकल कॉलेज तथा 12 नई यूनिवर्सिटी भी मध्यप्रदेश में खोली जाएगी।
ओरिएंटल कॉलेज की छात्रा आयशा खान ने सीएम से सवाल किया कि क्या सरकार युवाओं को ऑर्गेनिक और लार्ज-स्केल फार्मिंग के लिए प्रोत्साहित करेगी? इस पर सीएम मोहन यादव ने कहा कि ड्रैगन फ्रूट से मशरूम तक, मध्यप्रदेश के युवा खेती में नए प्रयोग कर रहे हैं। गेहूं उपार्जन में प्रदेश देश में नंबर-1 है और फूड प्रोसेसिंग से कॉन्ट्रैक्ट फार्मिंग तक सरकार हर कदम पर युवाओं के साथ है। अब मध्यप्रदेश की खेती सिर्फ परंपरा नहीं, युवाओं का नया स्टार्टअप बन रही है।
इस आयोजन में युवाओं के पसंदीदा गायक जुबिन नौटियाल भी गीतों की प्रस्तुति देने के लिए आए है। यूथ आइकॉनिक सिंगर जुबिन नौटियाल एवं कबीर कैफे की शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने युवाओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। सुरों की धुन पर झूमते युवाओं और तालियों की गूंज से भोपाल का लाल परेड मैदान उत्साह, उमंग और युवा ऊर्जा से सराबोर नजर आया।
जुबिन नौटियाल की जब परफार्मेंस चल रही थी, तभी भीड़ बढ़ना शुरू हो गई थी। भीड़ बढ़ने के कारण बैरिकेड लगाकर रोकने की कोशिश की,लेकिन बड़ी संख्या में छात्र बैरिकेड पर चढ़ गए और कार्यक्रम के लिए बनाए गए डोम में चढ़ गए। इस बीच छात्रों के बीच धक्कामुक्की भी हुई है। पुलिस ने स्थिति को जैसे-तैसे संभाला। इसके बाद कुछ छात्र मंच पर चढ़कर जुबिन नौटियाल के साथ फोटो खंचाने के लिए चढ़ गए। जिस पर पुलिस ने छात्रों को मंच से नीचे खदेड़ दिया। अफरा-तफरी बढ़ने पर भाजपा नेताओं ने स्थिति को संभाला।