
mp weather update शनिवार को उत्तर भारत में नए पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से अगले तीन दिनों तक मध्यप्रदेश का मौसम बिगड़ने के संकेत हैं। मौसम विभाग के मुताबिक एक साथ कई वेदर सिस्टम इस वक्त प्रदेश में एक्टिव हैं और नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का रविवार से एमपी के मौसम पर असर पड़ सकता है। रविवार से प्रदेश के कई जिलों में बादल छाने और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान जबलपुर-नर्मदापुरम समेत 10 जिलों में ओले भी गिर सकते हैं।
25 फरवरी - जबलपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, बैतूल, नर्मदापुरम, बुरहानपुर,मंडला, डिंडोरी जिलों में हल्की बारिश की संभावना है।
26 फरवरी - जबलपुर, रीवा, शहडोल, नर्मदापुरम, भोपाल और इंदौर संभाग के कुछ जिलों में बारिश हो सकती है। इसके साथ ही मंडला, डिंडोरी, नरसिंहपुर, अनूपपुर, जबलपुर, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, सिवनी और बालाघाट में ओले गिरने की संभावना है।
27 फरवरी - नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, दमोह, जबलपुर, सागर, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडोरी, उमरिया, कटनी, शहडोल, अनूपपुर, सीधी, सिंगरौली, रीवा और मऊगंज में बारिश होने की संभावना है।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार छत्तीसगढ़ के साइक्लोनिक घेरे का प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में असर होगा। इसके कारण 4 दिनों तक मौसम बिगड़ा रह सकता है। अधिकांश जगहों पर बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर ओले गिरने की भी आशंका है। वहीं मौसम केन्द्र भोपाल के रडार फ्रभारी डॉ. वेदप्रकाश सिंह का कहना है कि छत्तीसगढ़ पर बना चक्रवातीय घेरा पूर्वी मध्य प्रदेश की ओर आएगा। इस चक्रवातीय घेरे का असर पूर्वी व दक्षिण मध्य प्रदेश के ऊपर रहेगा। 24 फरवरी को उत्तर भारत में नए पश्चिमी विक्षोभ के आने के बाद एमपी पर भी इसका असर पड़ेगा।