भोपाल

बार-बार बदल रहा मौसम का मिजाज, अब इन जिलों में दिखेगा शीतलहर का कहर

हालांकि राजस्थान पर बने एक प्रतिचक्रवात के असर से हवाओं का रुख बार-बार बदल भी रहा है। इसके चलते दिन-रात के तापमान में उतार-चढ़ाव लगातार बना हुआ है।

2 min read
Nov 26, 2022
today_weather_forecast.jpg

भोपाल। उत्तर भारत से आने वाली सर्द हवाओं का दौर लगातार जारी है, जिसके कारण राजधानी भोपाल से समेत मध्यप्रदेश के कई शहरों का तापमान लगातार गिर रहा है। हालांकि राजस्थान पर बने एक प्रतिचक्रवात के असर से हवाओं का रुख बार-बार बदल भी रहा है। इसके चलते दिन-रात के तापमान में उतार-चढ़ाव लगातार बना हुआ है।

शनिवार को मध्य प्रदेश में सबसे कम छह डिग्री सेल्सियस तापमान नौगांव में दर्ज किया गया। हिल स्टेशन पचमढ़ी में रात का तापमान चार डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। जबलपुर एवं बालाघाट में शीतलहर का असर नजर आ रहा है। वहीं, मौसम विभाग ने इन्हीं जिलों में शीतलहर चलने की संभावना जताई है। इधर, राजधानी का न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि यह शुक्रवार के न्यूनतम तापमान की तुलना में 0.7 डिग्री सेल्सियस कम रहा। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक मौसम का मिजाज अभी इसी तरह बना रहने की संभावना है।

सामान्य से तीन डिग्री कम रहा राजधानी का तापमान
जानकारी के मुताबिक शनिवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम रहा। साथ ही यह शुक्रवार के न्यूनतम तापमान 10.9 डिग्री सेल्सियस की तुलना में 0.7 डिग्री सेल्सियस कम रहा। शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम रहा। वहीं गुरुवार के अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले 1.5 डिग्री सेल्सियस कम रहा था। शनिवार को भी अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

उत्तरी हवाओं और चक्रवात से बना उतार-चढ़ाव
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में पिछले दिनों बर्फबारी हुई थी। इसके चलते वहां का वातावरण काफी ठंडा बना हुआ है। उत्तर भारत की तरफ से लगातार सर्द हवाएं तो आ रही हैं, लेकिन राजस्थान पर बने एक प्रति चक्रवात के असर से मध्य प्रदेश में आकर हवाओं का रुख कभी उत्तरी तो कभी उत्तर-पूर्वी हो जा रहा है। इस वजह से तापमान में उतार-चढ़ाव हो रहा है।

Published on:
26 Nov 2022 02:44 pm