भोपाल

भूमि सौदों को लेकर MP में नया राजनीतिक घमासान, कांग्रेस ने न्यायिक जांच की मांग की

Madhya Pradesh Political News- मध्यप्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने मंगलवार को उज्जैन और आसपास की जमीन सौदों पर सरकार से जवाब मांगा...।

2 min read
Jun 23, 2026
Jitu Patwari Press Conference
Jitu Patwari Press Conference- प्रेस कांफ्रेंस में मुकेश नायक, जीतू पटवारी और उमंग सिंघार मौजूद।

Jitu Patwari Press Conference- मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी एवं अन्य वरिष्ठ नेताओं ने उज्जैन एवं अन्य जिलों में बड़े पैमाने पर भूमि खरीद-फरोख्त के मुद्दे पर सरकार से जवाब मांगा। कांग्रेस नेता मंगलवार को एक पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे।

जीतू पटवारी (jitu patwari) ने कहा कि कुछ मीडिया रिपोटर्स में दावा किया गया है कि मुख्यमंत्री से जुड़े कुछ व्यक्तियों एवं उनके करीबियों की कंपनियों के नाम पर उज्जैन एवं आसपास के क्षेत्रों में बड़ी मात्रा में भूमि दर्ज बताई जा रही है। रिपोर्ट के अनुसार इनके नाम पर लगभग 245 प्लॉटों में 335 एकड़ भूमि होने तथा वर्ष 2021 से 2025 के बीच लगभग 253 एकड़ भूमि खरीदे जाने का दावा किया गया है। केवल वर्ष 2024-25 के दौरान 137 प्लॉटों में 168 एकड़ भूमि खरीदे जाने का उल्लेख भी सामने आया है।

मीडिया रिपोटर्स में किए गए दावे कितने सच हैं इस पर सरकार जनता के सामने अपना जवाब पेश करे। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मांग की है कि पूरे भूमि प्रकरण की स्वतंत्र, निष्पक्ष और न्यायिक निगरानी में जांच कराई जाए।

पटवारी ने एक मीडिया रिपोर्ट का जिक्र करते हुए कहा कि गंभीर मामला है कि जिन क्षेत्रों में नई सड़कों, कॉरिडोर, बायपास तथा विकास परियोजनाओं की घोषणाएं हुईं, उन्हीं क्षेत्रों के आसपास बड़े पैमाने पर उज्जैन में भूमि खरीद की खबरें सामने क्यों आईं। उज्जैन-बदनावर रोड, उज्जैन-इंदौर रोड, पंचकोशी परिक्रमा मार्ग, उज्जैन-मक्सी रोड, उज्जैन-नागदा रोड, उज्जैन-देवास रोड तथा गरोठ ग्रीन फील्ड कॉरिडोर जैसे प्रस्तावित विकास क्षेत्रों के आसपास हुई भूमि खरीद को लेकर जनता के मन में स्वाभाविक रूप से सवाल उठ रहे हैं।

क्या बोले नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार (umang singhar) ने कहा कि उपलब्ध दस्तावेजों के अनुसार दावा किया गया है कि वर्ष 2021 से 2025 के बीच उज्जैन में बड़े पैमाने पर भूमि खरीद की गई। आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2021 में 10 प्लॉट (8 एकड़), 2022 में 14 प्लॉट (27 एकड़), 2023 में 33 प्लॉट (50 एकड़), 2024 में 75 प्लॉट (76 एकड़) तथा 2025 में 62 प्लॉट (92 एकड़) भूमि खरीदे जाने का उल्लेख है।

सिंघार ने कहा कि दस्तावेजों में सिद्धिविनायक देवकॉन्स, मंगलमूर्ति इंफ्रा, श्री अन्नपूर्णा इंटरप्राइजेज, श्रेया डेवलपर्स सहित अन्य कंपनियों का उल्लेख किया गया है। ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच होना आवश्यक है। प्रेस कांफ्रेंस में राज्यसभा सांसद अशोक सिंह, मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक तथा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अभय दुबे उपस्थित रहे।

Updated on:
23 Jun 2026 05:16 pm
Published on:
23 Jun 2026 05:13 pm