
अरुण तिवारी
भोपाल। 15 सालों में सत्ता का सूखा खत्म करने के लिए प्रदेश कांग्रेस अनुभवी के नाम पर बुजुर्ग नेताओं के सहारे ही है। जब से प्रदेश में दिग्विजय शासनकाल समाप्त हुआ है तब से लेकर अब तक दूसरी पीढ़ी के नेता महत्वपूर्ण पदों पर नहीं आ पाए हैं। 71 साल के पीसीसी मुखिया कमलनाथ ने चुनाव से जुड़ी जो छह समितियां बनाई हैं उनमें प्रमुख के पद पर वही नेता नजर आ रहे हैं जो डेढ़ दशक पहले कांग्रेस में अहम भूमिका निभाते रहे हैं।
बात आपसी समन्वय की हो या चुनावी प्रबंधन की, पंद्रह सालों में प्रदेश की सियासत में बहुत अंतर आ चुका है। वहीं इन नेताओं के समकक्ष रहे बीजेपी के वरिष्ठ नेता कैलाश जोशी, विक्रम वर्मा, सरताज सिंह, बाबूलाल गौर अब सिर्फ मार्गदर्शक की भूमिका में ही हैं। बात यहां पर नेताओं की उम्र की नहीं, बल्कि सवाल ये है कि क्यों आखिर कांग्रेस में युवाओं का टोटा हो गया है, क्या सत्ता न रहने से दूसरी पीढ़ी के नेता पनप ही नहीं पाए या फिर युवाओं से ज्यादा उन नेताओं पर ही भरोसा है जो ये काम करते आए हैं।
चुनावी समितियों में अनुभव की भारी खुराक
हाल ही में बनाई गई समन्वय समिति के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह 71 साल के हैं, महेश जोशी 78 साल, रामेश्वर नीखरा 76 साल, मुजीब कुरैशी 65 साल, सत्यव्रत चतुर्वेदी 65 साल, बिसाहूलाल सिंह 68 साल, विनय दुबे 70 साल तो राजेंद्र सिंह गौतम की उम्र 68 साल है। चुनाव में रणनीति बनाने वाली कमेटी के मुखिया सुरेश पचौरी हैं जो राज्यसभा से सांसद बनकर केंद्रीय मंत्री बने लेकिन प्रदेश में विधानसभा या लोकसभा का चुनाव नहीं जीत सके। घोषणापत्र समिति का जिम्मा विधानसभा उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह के पास है जो कांग्रेस सरकार में पहले भी मंत्री की जिम्मेदारी निभाते रहे हैं। अनुशासन समिति के अध्यक्ष हजारीलाल रघुवंशी हैं जिनकी उम्र 80 साल से ज्यादा है, सह अध्यक्ष चंद्रप्रभाष शेखर भी 78 साल के हैं ।
वरिष्ठों को साधने दिए गए दायित्व
यहां पर सवाल ये भी खड़ा होता है कि क्या ये समितियां सिर्फ वरिष्ठ नेताओं को साधने के लिए बनाई गई हैं जिससे आपसी समन्वय बना रहे और किसी की नाराजगी चुनाव में नुकसान की वजह बनकर सामने न आए। कहा तो ये भी जा रहा है कि चुनाव का सारा काम आरजी ऑफिस दिल्ली यानी राहुल गांधी सीधे देखेंगे तो फिर इन समितियों का क्या औचित्य रह जाता है।
अनुभवी और युवा सब एक साथ मिलकर भाजपा सरकार को हटाएंगे, मैंने हर दायित्व में समन्वय का काम किया है, आज भी वही कर रहा हूं।
-दिग्विजय सिंह, अध्यक्ष, समन्वय समिति
दूसरी पीढ़ी के नेताओं को और मौका मिलना चाहिए था, मैने पीसीसी अध्यक्ष रहते हुए हमेशा युवाओं को मौका देने की कोशिश की।
-अरुण यादव, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष,कांग्रेस
जो जिम्मेदारी देने वाले लोग हैं उनको सोचना चाहिए कि किनको क्या काम सौंपना है, हम जो काम दिया है हम तो वहीं कर रहे हैं, युवाओं को बढ़ाने का काम एआईसीसी का है,पीसीसी का है वो देखें।
-हजारीलाल रघुवंशी, अध्यक्ष,अनुशासन समिति