
Laxman Singh Statement : मध्य प्रदेश में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधारोपण का काम जन सहयोग के साथ जोर शोर से चल रहा है। भाजपा तो इस अभियान का जोरशोर से प्रचार कर ही रही है, लेकिन अब तो विपक्ष के नेता भी इस अभियान की तारीफ करने से खुद को रोक नहीं पा रहे हैं। बीते कुछ दिनों से भाजपा द्वारा पार्टी में बुलावे के बाद से बीजेपी में जाने की शुरु हुई अटकलों के बीच पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के भाई लक्ष्मण सिंह ने केंद्र सरकार के इस अभियान की सराहना की है। हालांकि, इस बीच उन्होंने सरकार से प्रदेश में काटे जा रहे पेड़ों पर रोक लगाने की मांग भी की है।
कांग्रेस नेता लक्ष्मण सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'मध्य प्रदेश में 'एक पेड़ मां के नाम' लगाने का अभियान स्वागत योग्य है। लेकिन, सैंकड़ों पेड़ जो काटे जा रहे हैं, विशेषकर वन क्षेत्र में, उनको रोकना लगाने से भी ज्यादा आवश्यक है। तभी भारत मां की आत्मा को शांति मिलेगी।'
आपको बता दें कि, केंद्र की मोदी सरकार के आह्वान पर पूरे देश में संचालित 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान में सरकार ने भी प्रदेश में वृहद पौध-रोपण का संकल्प लिया है। इस क्रम में प्रदेशभर में साढ़े पांच करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस दौरान इंदौर में 51 लाख, भोपाल और जबलपुर जिले में 12-12 लाख पौधे लगाकर रिकॉर्ड कायम किया जाएगा। साथ ही, जनसख्या के आधार पर अलग अलग शहरों में अलग अलग पोधे रोपित किए जाएंगे।