
Rajyasabha Chunav- मध्यप्रदेश में राज्यसभा के लिए बीजेपी द्वारा तीसरा उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतारने के बाद कांग्रेस अलर्ट मोड में है। केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर पार्टी के सभी विधायकों को एमपी से कर्नाटक भेजा जा रहा है। कांग्रेस विधायकों के लिए एक विशेष विमान बुलाया गया है और ज्यादातर विधायक भोपाल एयरपोर्ट पर पहुंच चुके हैं। विधायकों ने भाजपा पर प्रलोभन देने के आरोप लगाए हैं। श्योपुर के विधायक बाबू जंडेल ने कहा कि मुझे पहले भी 40 करोड़ ऑफर किए गए थे। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि बीजेपी कुछ भी कर ले पर मैं बिकाउ नहीं हूं। इससे पहले कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया ने भी 8 करोड़ तक के ऑफर दिए जाने के आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा कि विधायकों के पास भाजपा नेताओं के लगातार फोन आ रहे हैं। जीतू पटवारी ने तो प्रदेशवासियों के नाम से खुला खत लिखा। उन्होंने अपने एक्स हेंडल पर लिखा- देखिए और सोचिए, लोकतंत्र के लुटेरे कैसे प्रजातंत्र की परिभाषा समझ रहे हैं!
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सोमवार रात पार्टी विधायकों को डिनर कराया और रणनीति पर चर्चा की। सूत्र बताते हैं कि पार्टी विधायकों को पहले हिमाचल प्रदेश ले जाने की तैयारी की गई थी। उन्हें 18 जून तक सैर कराने की बात कही गई। बाद में पार्टी ने प्लान बदला। अब सभी विधायकों को कर्नाटक ले जाया जा रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर प्रलोभन देने के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि कांग्रेस विधायकों को 5 से 8 करोड़ तक के ऑफर दिए जा रहे हैं। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया ने कहा कि विधायकों के पास भाजपा नेताओं के फोन आ रहे हैं और उन्हें 8 करोड़ तक के ऑफर दिए जा रहे हैं।
विधायक अनुभा मुंजारे ने कहा कि उनके कुछ साथी विधायकों के पास भाजपा नेताओं के 5-5 करोड़ रुपए के ऑफर आ रहे हैं। हालांकि उनके पास अभी तक कोई फोन नहीं आया। अनुभा मुंजारे ने साफ कहा कि कांग्रेस का कोई भी विधायक बिकाऊ नहीं है और सभी पार्टी के साथ हैं।
कांग्रेस के विधायक नारायण सिंह पट्टा ने बीजेपी पर प्लानिंग करके डराने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सभी विधायक एकजुट हैं और हम हर हाल में पार्टी के आदेश का पालन करेंगे।
श्योपुर के विधायक बाबू जंडेल ने भी करोड़ों के ऑफर आने की बात कही। उन्होंने कहा कि मुझे तो 2019 में 40 करोड़ रुपए का ऑफर आया था। मैं तब नहीं बिका। कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल ने कहा- मैं बिकाऊ नहीं हूं।